- तख्त श्री हरिमंदिर से निकली प्रभात फेरी पहुंची गुरु का बाग गुरुद्वारा

- चौथे दिन पंज-प्यारे की अगुवाई में 18 जनवरी को निकलेगी बड़ी प्रभातफेरी

PATNA :

तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब से सिखों के दसवें गुरु गुरु गो¨वद सिंह के 354वें प्रकाशोत्सव समारोह के चौथे दिन सोमवार की भोर में निकली प्रभात फेरी अशोक राजपथ होते गुरु का बाग गुरुद्वारा पहुंची। दस दिनों तक भोर पांच बजे निकलने वाली प्रभातफेरी का समापन 18 जनवरी को निकलने वाली बड़ी प्रभातफेरी से होगा। मुख्य समारोह से एक दिन पूर्व 19 जनवरी की दोपहर एक बजे गायघाट गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकलेगा। तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में 20 जनवरी को सिखों के दसवें गुरु के प्रकाश पर्व का मुख्य समारोह मनाया जाएगा।

कई स्थानों पर स्वागत

सोमवार की भोर लगभग पांच बजे तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब से प्रभातफेरी अशोक राजपथ पर निकली। आगे-आगे पंच-प्यारे चल रहे थे। पीछे सिख संगत भजन-कीर्तन करते चल रहे थे। संगतों ने तुम हो सब राजन के राजा, गो¨वद सिंह आयो है, वाहे गुरु-वाहे गुरु से मार्ग गूंजायमान किया। प्रभातफेरी चमडोरिया, हाजीगंज, पूरब दरवाजा, मारूफगंज मोड़, मालसलामी, सिमली होते ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का बाग पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर प्रभात फेरी का स्वागत किया गया।

अरदास के पश्चात लंगर

गुरु का बाग गुरुद्वारा में पंज-प्यारों का स्वागत किया गया। भजन-कीर्तन के बाद कथावाचक ने दशमेश गुरु के जीवनी पर प्रकाश डाले। विश्व शांति के लिए अरदास किया गया। दरबार साहिब में बैठे सिख संगतों ने सिख पंथ के दसवें गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इसके बाद पंज-प्यारों तथा संगतों ने पंगत में बैठकर लंगर छके। गुरु का बाग गुरुद्वारा में दर्शन के बाद प्रभातफेरी अशोक राजपथ मार्ग से वापस तख्त श्री हरिमंदिर पहुंची। प्रभातफेरी में संयोजक सरदार तेजेंद्र सिंह बग्गा, सरदार इंद्रजीत सिंह बग्गा, सरदार प्रेम सिंह, सरदार रवींद्र सिंह समेत अन्य थे।