पटना (ब्यूरो)। रेल पुलिस ने सोमवार की रात पाटलिपुत्र जंक्शन पर नार्थ इस्ट एक्सप्रेस से 53 कछुए को जब्त किया। इनमें से एक कछुए का वजन 22 किलो का है। एक झोला और एक बैग में सभी कछुए को ट्रेन के बोगी संख्या एस-2 एवं एस-3 के ज्वाइंट पर रखा गया था। ट्रेन प्लेटफार्म संख्या चार पर खड़ी थी। तस्कर की गिराफ्तारी नहीं हो सकी है। पटना वन प्रमंडल के प्रभारी डीएफओ शशिकांत ने बताया कि रेल पुलिस वन प्रमंडल को कछुआ सौंप दिया गया है। संरक्षण के उद्देश्य से पटना वन प्रमंडल ने इसे राजधानी जलाशय में छोड़ दिया।

पटना वन प्रमंडल के पटना पश्चिम अंचल के रेंज आफिसर संजीव कुमार ने बताया कि कछुए को गुवाहाटी से लेकर तस्कर जा रहे थे। रेल पुलिस की तरफ से मंगलवार की सुबह आठ बजे सूचना मिली, जिसके बाद वन प्रमंडल की टीम कछुए को अपने संरक्षण में रख लिया। संजय गांधी जैविक उद्यान के रेंज आफिसर आनंद कुमार ने बताया कि बिहार के सभी क्षेत्र में कछुए मिलते हैं। बिहार के रास्ते गुवाहाटी या कोलकाता तस्करी के लिए कछुआ ले जाया जाता है।