बंगाल की खाड़ी में बना दबाव, राज्य में झमाझम बारिश

PATNA :

राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश के मौसम में सैटरडे मॉर्निग से ही बदलाव शुरू हो गया था। दोपहर से शाम तक बारिश होती रही। पटना में 78 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विज्ञानियों की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण सैटरडे को राज्य के मौसम में व्यापक बदलाव आया। पटना के अलावा गया एवं पूर्णिया में भी अच्छी बारिश रिकार्ड की गई। गया में 18.8 एवं पूर्णिया में 10.1 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।

5 अक्टूबर तक बारिश के आसार

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संजय कुमार ने बताया कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे प्रदेश के विभिन्न इलाके में बारिश हो रही है। इस तरह की स्थिति 5 अक्टूबर तक बनी रहेगी। उसके बाद प्रदेश के मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। सैटरडे को सर्वाधिक बारिश सारण एवं आसपास के इलाके में हुई। राजधानी की हवा में आर्द्रता 97 फीसद रिकार्ड की गई। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.6 एवं 26.4 न्यूनतम तापमान सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

धान एवं रबी दोनों के लिए लाभदायक

वर्तमान में हथिया नक्षत्र चल रहा है। हथिया की बारिश धान की फसल के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। इससे न केवल धान की फसल अच्छी होती है, बल्कि इसके कारण रबी की बुआई में भी मदद मिलती है। हथिया की बारिश से किसानों को काफी आशा होती है। इसी नक्षत्र की बारिश खरीफ के साथ-साथ रबी की फसलों का भविष्य तय करता है।