- 63,579 वैक्सीन 18-45 उम्र वालों को दिए गए

PATNA : राज्य में कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता के आधार पर वैक्सीनेशन का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को सूबे के 88,162 लोगों ने टीकाकरण कराया। इनमें अकेले 63,579 टीके 18-45 उम्र वालों को दिए गए।

8484 को सेकेंड डोज

स्वास्थ्य विभाग ने जारी बुलेटिन में बताया कि शुक्रवार को 79,678 को पहली, जबकि 8,484 को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। वैक्सीनेशन सेंटर्स पर शुक्रवार को 45-59 उम्र के 10,675 को पहली और 3,492 को दूसरी डोज दी गई। इनके साथ ही 60 से ज्यादा उम्र के 2,861 को पहली डोज, जबकि 4,393 को दूसरी डोज दी गई। इनके अलावा फ्रंटलाइन वर्कर और अन्य में शामिल 2,563 को टीके की पहली और 599 को दूसरी डोज दी गई।

यूथ सबसे आगे

वैक्सीन लेने वालों में सबसे बड़ी संख्या युवा आबादी की रही। विभाग के अनुसार शुक्रवार को 63,579 टीके 18 प्लस आबादी को दिए गए। 13 दिन की छोटी मियाद में 10,75,482 टीके 18 प्लस आबादी को दिए गए हैं। विभाग के अनुसार 16 जनवरी से 21 मई के बीच 96,04,544 का टीकाकरण किया गया है। इनमें 76,80,105 को टीके की पहली और 19,24,439 को दूसरी डोज दी जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि बिहार जल्द ही एक करोड़ टीकाकरण करने वाले राज्यों में शामिल होगा।

आज मिलेंगी कोविशील्ड की 4.89 लाख डोज

बिहार को शनिवार को 18-45 उम्र वालों के लिए कोविशील्ड की 4.89 लाख डोज प्राप्त होंगी। राज्य सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को राशि देकर इसकी खरीद की है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि शनिवार की देर शाम तक बिहार को इन टीकों की खेप प्राप्त हो जाएगी। इसके बाद 23 मई तक 45 से ऊपर की आबादी के लिए भी कुछ टीके राज्य को प्राप्त होंगे।