- 1.40 लाख टेस्ट, मिले 5871 नए पॉजिटिव

- रिकवरी रेट 91 परसेंट से ज्यादा हुई

PATNA :

कोरोना की दूसरी लहर में प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या सवा लाख तक पहुंच गई थी। अब लगातार गिरावट है। इसकी मूल वजह बड़ी संख्या में लोगों का स्वस्थ होना है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग से नौ हजार नौ सौ 77 लोगों के स्वस्थ होने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही राज्य में एक्टिव केस घटकर 54 हजार चार सौ छह हो गए हैं।

6 हजार के नीचे हुई संक्रमितों की संख्या

राज्य में लॉकडाउन के 16वें दिन गुरुवार को नए संक्रमितों की संख्या छह हजार से नीचे पहुंच गई है। पिछले दो दिनों से सूबे से रोज छह हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार को राज्य से पांच हजार आठ सौ 71 संक्रमित मिले हैं। बीते 24 घंटे में नौ हजार नौ सौ 77 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। दो दिन के बाद मौत के आंकड़ों में मामूली गिरावट देखी गई है। गुरुवार को 98 की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक दिन में एक लाख 40 हजार 70 टेस्ट किए गए। वर्तमान में राज्य की संक्रमण दर 4.19 फीसदी है, जबकि स्वास्थ्य दर 91.32 फीसदी।

पटना में नए केस में कमी नहीं : स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट की मानें तो पटना में नए संक्रमितों की संख्या में कुछ दिनों से कोई खास कमी नहीं आई है। पटना से गुरुवार को फिर एक हजार दो सौ 81 पाजिटिव मिले हैं। इसके पहले बुधवार को एक हजार दो सौ 44, मंगलवार को 924, सोमवार को एक हजार एक सौ 89 और रविवार को एक हजार एक सौ तीन पाजिटिव मिले थे।

जिलों में लगातार घट रहे संक्रमण के नए केस : शेष जिलों में संक्रमण के नए केस तेजी से घट रहे हैं। गुरुवार को बेगूसराय से 249, भागलपुर से 137, पूर्वी चंपारण से 192, गया से 232, मुंगेर से 184, मुजफ्फरपुर से 356, नालंदा से 217, समस्तीपुर से 258 नए संक्रिमत मिले हैं। इनके अलावा अन्य जिलों में भी कोरोना के नए केस तेजी से कम होने लगे हैं।

15 महीने में कोरोना ने छीनी 4241 की जिंदगी

राज्य में कोरोना की पहली लहर पिछले साल मार्च से शुरू हुई थी। तब से लेकर आज तक संक्रमण की वजह से चार हजार दो सौ 41 लोगों की जान जा चुकी है। दूसरी लहर में सर्वाधिक मौत हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में गुरुवार को 98 लोगों की मौत संक्रमण से होने का ब्योरा है।