- पटना में वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों से शुरू हुआ सस्ता सफर

यात्रियों ने कहा-ऐसा लगा, जैसे मेट्रो में कर रहे हैं यात्रा

PATNA :

राजधानी पटना में सस्ती दर पर एसी इलेक्ट्रिक बस से लोग यात्रा का आनंद लेने लगे हैं। हालांकि पहले दिन यात्रियों की संख्या कम रही। इस दौरान यात्रियों को जानकारी दी जाती रही कि एसी बस के किराए में कमी कर दी गई है। करीब 8 मिनट में बस कारगिल चौक से डाक बंगला पर पहुंच गई। हालांकि कारगिल चौक पर कम यात्री ही सवार हुए थे, लेकिन पटना जंक्शन पर सीटें भर गई। जंक्शन गोलंबर से डाक बंगला होते हुए बस इनकम टैक्स गोलंबर पहुंची और बेली रोड होते दानापुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गई।

मेट्रो जैसी फिलिंग

बस में सवार यात्रियों ने अपना एक्सपेरिएंस शेयर करते हुए बताया कि ऐसा लग रहा कि मेट्रो में यात्रा कर रहे हों। दिल्ली की तरह पटना में भी बसें चलने से काफी प्रसन्नता हो रही है। महिला यात्रियों ने बताया कि लगता ही नहीं कि बस में यात्रा कर रही हूं। यात्रा काफी मजेदार और सुखद रही। पटना में अब ईको फ्रेंडली वातानुकूलित बसें चलने लगीं हैं। किराया भी सस्ता है। बस से हर व्यक्ति को यात्रा करनी चाहिए।

अधिकारी ने भी की यात्रा

नगर सेवा के बेड़े में शामिल इलेक्ट्रिक एसी बस से परिवहन निगम के प्रशासक श्याम किशोर ने भी अपनी पत्नी के साथ यात्रा की। बस पर सवार होते ही पति-पत्नी ने 10-10 रुपए का टिकट लिया। उन्होंने पटनावासियों से अपील की कि एसी बस से यात्रा जरूर करें। इससे ध्वनि व वायु प्रदूषण से बचाव होगा। गर्मी के मौसम में यात्रा सुहानी बनेगी। यात्रा के दौरान प्रशासक ने यात्रियों से बातचीत भी की। प्रशासक ने बताया, यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए एसी बस के किराए में भी कमी कर दी गई है।