-घटना के बाद भाग रहे हमलवार को लोगों ने पकड़कर छत से नीचे फेंका, पुलिस ने बचाई जान

BIHARSHARIFF/PATNA: बिहार थाना के महलपर कमरा के निकट शुक्रवार की सुबह करीब 8.30 बजे बाइक सवार युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। खैराबाद निवासी राजेन्द्र साव का 28 वर्षीय पुत्र दिवाकर कुमार मौसी को रेलवे स्टेशन पहुंचा कर लौट रहा था। इसी बीच उसकी हत्या कर दी गई।

रिवाल्बर छीनने का प्रयास

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने भाग रहे हमलावर को दबोच लिया और जमकर धुनाई कर दी। पुलिस के पहुंचते ही भीड़ से बचकर किसी तरह हमलावर भागकर पास के ही एक मकान में घुस गया। इसके बाद पीछे से सैकड़ों लोग घर में घुसकर फिर से हमला कर दिया। बिहार थानाध्यक्ष केशव कुमार मजूमदार, जमादार रमेश कुमार और अन्य पुलिसकर्मी हमलावर को कब्जे में लेने का प्रयास किया। तभी लोगों ने थानाध्यक्ष और जमादार पर हमला कर दिया। साथ ही मारपीट कर सर्विस रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया।

हमलावर को किया गया रेफर

लोग इतने उग्र थे कि हमलावर को पुलिस के कब्जे से छीनकर दो मंजिला छत के नीचे फेंक दिया। जहां बाइक धू-धू कर जल रही थी। हालांकि इसके बाद पुलिस उसे कब्जे में ले लिया। इस बीच डीएसपी समेत कई थाने की पुलिस मौके वज्र वाहन के साथ पहुंचे और किसी तरह थानेदार और जमादार को बाहर निकाला गया। घायल हमलावर रजनीकांत सिंह को पीएमसीएच रेफर किया गया।

आग के हवाले पुलिस की बाइक

हॉक पुलिस की चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस चाह कर भी लोगों को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। क्योंकि जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त पुलिस बलों की संख्या जरूरत के हिसाब से काफी कम थी। पुलिस पदाधिकारी व सुरक्षा बल चुपचाप लोगों की करतूत देखते रही। बाद में जब पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स आई तो पुलिस वालों ने लोगों को खदेड़ना शुरू कर दिया।

हमलावर को छत से फेंका

युवक की हत्या करने वाले हमलवार रजनीकांत सिंह को लोगों ने पहले पकड़ कर जबरदस्त पिटाई कर दी। बाद में पुलिस के समक्ष ही उसे एक घर के छत से नीचे धू-धूकर जल रही बाइक व साइकिल पर फेंक दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उग्र लोगों से किसी तरह बचाकर कब्जे में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इसके बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

मौके पर नहीं पहुंचे एसपी

इतनी बड़ी घटना के बाद भी एसपी सुधीर कुमार पोरिका घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। एसपी के नहीं पहुंचने पर आसपास के लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही थी। हालांकि बाद में एसपी सदर अस्पताल पहुंच कर घायल पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों का हाल जाना।

दो दर्जन उपद्रवी गिरफ्तार

भीड़ को काबू करने तथा उपद्रवियों को शांत करने के लिए पुलिस ने खदेड़कर कई लोगों पर लाठियां भी बरसाई। दो दर्जन शरारती तत्वों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आसपास के इलाके में घुसे लोगों को बाहर निकाल कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस घटना में कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे जिसमें उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस ऐसे लोगों के बारे में जांच कर रही है।

मोबाइल रिचार्ज को लेकर हुआ विवाद

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि एक दिन पहले मोबाइल रिचार्ज कराने को लेकर कुछ लोगों से दिवाकर कुमार की बहस हुई थी। इसी बात को लेकर जैसे ही दिवाकर महलपुर के निकट पहुंचा घात लगाए एक युवक ने रोककर उसके सिर में गोली मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के पीछे कुछ लोग पुराने विवाद की बात कह रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।