-अपार्टमेंट के गेट पर ही कार में मारी 6 गोलियां

-गोली मारने के बाद अपराधी हो गए फरार

- आईजी, एसएसपी समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची

PATNA

: शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के पुनाईचक स्थित शंकर पथ में कुसुम अपार्टमेंट के पास मंगलवार की शाम लगभग 7.15 बजे इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की अपराधियों ने गोली से भून दिया। गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और उन्हें तत्काल पास के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रूपेश सिंह कुसुम विलास अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 303 में परिवार के साथ रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही आईजी संजय सिंह, एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा, सिटी एसपी सहित कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि अपराधियों ने रूपेश सिंह से 6 गोलियां मारी। जल्द ही अपराधी पकड़े जाएंगे।

10 से ज्यादा राउंड फायरिंग

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अपराधियों ने 10 राउंड से ज्यादा फायरिंग की। उन्होंने बताया कि हमलोग घर में थे। जब फायरिंग हुई तो लगा कि कहीं पटाखा फोड़ा जा रहा है। इसके बाद आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकले। इसके बाद देखा कि रूपेश सिंह अपनी गाड़ी में ड्राइविंग सीट पर पड़े हुए हैं। इसके बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया।

दो छोटे-छोटे बच्चे

आसपास के लोगों ने बताया कि रूपेश की उम्र लगभग 40 वर्ष थी। वे पत्‍‌नी, मां और दोनों बच्चे के साथ कुसुम विलास अपार्टमेंट में रहते थे। उनकी पत्‍‌नी का नाम नीतू सिंह है। एक बेटा अक्षत और एक बेटी अराध्या (टिनटिन) है। बेटी बड़ी है और उसकी उम्र लगभग 9 साल है। जबकि बेटे की उम्र लगभग 6 साल है। दोनों संत जेवियर स्कूल गांधी मैदान में पढ़ते हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि रूपेश सिंह मूलत: छपरा के जलालपुर बाजार के पास के रहने वाले थे। उनके पिताजी गांव में ही रहते हैं। वे कोलकाता पुलिस से रिटायर्ड हैं।

लौटे थे गोवा से

रूपेश सिंह परिवार के साथ गोवा गए थे। बीते रविवार को ही सपरिवार गोवा से पटना लौटे थे। लोगों ने बताया कि वे काफी मिलनसार स्वभाव के थे। वे हर किसी से मिलते-जुलते थे। वे लगभग 6 साल से कुसुम विलास अपार्टमेंट में रहते थे। उनका खुद का फ्लैट है।

सीने में मारी गोलियां

रूपेश सिंह ऑफिस से शाम लगभग सवा सात बजे अपार्टमेंट के पास आए। गेट खोलने के लिए वे हॉर्न बजा रहे थे। उस वक्त अपार्टमेंट का गार्ड मनोज वहां नहीं था। जिस वजह से उसकी पत्‍‌नी रेणु देवी गेट खोलने के लिए आने वाली थी। जब तक वे आती तब तक वहां पहले से ही घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां उनके दाहिने सीने में लगी। गोली लगते ही वे ड्राइविंग सीट पर ही लहूलुहान होकर लुढ़क गए। ड्राइविंग सीट पर खून के निशान मिले। गोली लगने से कार के गेट का शीशा चकनाचूर हो गया।

बाइक से भागते दिखे युवक

पुलिस ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी को खंगाला गया तो दो युवकबाइक से भागते दिखे। लेकिन उनके चेहरे साफ नहीं दिखे। इस वजह से उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। वहीं, कुसुम विलास अपार्टमेंट के गार्ड मनोज ने बताया कि अपार्टमेंट के कैंपस में कई जगह सीसीटीवी लगे है लेकिन सभी बंद है।

धनतेरस पर खरीदी थी कार

अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने बताया कि वर्ष 2020 में धनतेरस के मौके पर हेक्टर प्लस कार खरीदी थी। उसी कार वे ऑफिस आते-जाते थे। उन्होंने बताया कि वे कार खुद ड्राइव करते थे। वारदात के वक्त उसी कार में थे।

पहले की थी रेकी

जिस गली में कुसुम विलास अपार्टमेंट है। वह गली बंद है। गली के अंत में अपार्टमेंट है। इस आधार पर लोगों ने आशंका जताई कि अपराधियों ने पहले रेकी की थी। रूपेश सिंह कब ऑफिस से आते है और कब जाते हैं। पूरी सूचना जुटाने के बाद वारदात को अपराधियों ने अंजाम दिया।

वर्जन

घटना काफी दुखद है। हमलोग इसे टॉप प्रायोरिटी पर ले रहे हैं। 4-5 गोली मारने की बात सामने आ रही है। घटना में कितने अपराधी शामिल थे, यह बताना अभी संभव नहीं है। हमलोग हर एंगल से जांच कर रहे हैं।

-संजय सिंह, आईजी, सेंट्रल रेंज