-पटना की हवा में कनकनी का अहसास

PATNA: सर्दी अभी पटनाइट्स को और सताएगी। हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण तापमान में भारी गिरावट की संभावना है। पटना और आसपास के इलाके में बर्फीली हवा के कारण कनकनी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और उत्तर प्रदेश से सटे सीमावर्ती भाग में नौ जनवरी को बारिश की संभावना है। बुधवार से ही प्रदेश के गंगा तटीय क्षेत्र और दक्षिण बिहार में बादल छाए रहेंगे।

पटना का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री

मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और अधिकतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राज्य में मंगलवार को भागलपुर, पूर्णिया और सुपौल में कोल्ड डे की स्थिति रही। गया का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहा। गया का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का न्यूनतम 9 डिग्री और अधिकतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

नौ जनवरी से और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में नौ जनवरी से ठंड बढ़ने की संभावना है। हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर 11 जनवरी तक बिहार के मौसम पर पड़ेगा। तापमान में गिरावट और घना कोहरा पूरे प्रदेश में छाया रहेगा। आज पटना का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।