-उपद्रवी तत्वों ने दिया घटना को अंजाम, प्रवीण के दादा से मारपीट, घर में तोड़फोड़, बमबारी की भी चर्चा

MADHUBANI: मधुबनी के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर में 29 मार्च को हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी गैबीपुर निवासी प्रवीण झा उर्फ रावण और एक अन्य आरोपित पौआम के भोला सिंह के घर फ्राइडे की शाम उपद्रवी तत्वों ने हमला कर आगजनी की। इस दौरान प्रवीण के चचेरे दादा से मारपीट और उसके घर में तोड़फोड़ भी की। लोगों ने बमबारी की भी बात कही, लेकिन पुलिस ने इनकार किया। घटना के बाद तनाव का माहौल है।

की जा रही है जांच

पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन ने सदल बल गैबीपुर और पौआम गांव पहुंचकर कार्रवाई तेज कर दी है। बाद में बेनीपट्टी एसडीओ अशोक कुमार मंडल और डीएसपी अरुण कुमार सिंह भी पहुंचे। डीएसपी ने बमबारी की बात को अफवाह बताया। एसपी डॉ। सत्यप्रकाश ने कहा कि उपद्रवी तत्वों ने हमला किया था। इसकी जांच की जा रही है।

नारेबाजी करते हुए निकले

ग्रामीणों के अनुसार, सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने अचानक प्रवीण झा के घर के एक कमरे में आग लगा दी। उसके चचेरे दादा कामेश्वर झा से मारपीट की और उसके घर में तोड़फोड़ भी की। फिर नारेबाजी करते हुए वहां से निकल गए। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और पुलिस को सूचना दी। इस बीच दूसरे आरोपित भोला सिंह के घर में भी आग लगा दी। बाद में अग्निशमन वाहन से आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि घटनास्थल पर जोर की आवाज हुई। लगा कि बम फोड़ा गया। मुख्य आरोपित प्रवीण झा और भोला सिंह अभी जेल में बंद हैं।

मछली मारने के पुराने विवाद और आपसी रंजिश में 29 मार्च की दोपहर एक बजे महमदपुर में गोलीबारी हुई। इसमें राणा प्रताप सिंह, रणविजय सिंह, विरेंद्र कुमार सिंह उर्फ वीरू सिंह, अमरेंद्र सिंह, मनोज कुमार सिंह और रुद्र नारायण दास गंभीर रुप से जख्मी हो गए। इनमें राणा प्रताप सिंह, रणविजय सिंह, अमरेंद्र कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ वीरू सिंह और रुद्र नारायण दास की विभिन्न तिथियों में मौत हो गई। घटना में 35 लोग आरोपित हैं। इसमें मुख्य आरोपित प्रवीण झा समेत 16 की गिरफ्तारी हो चुकी है। बीस अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।