-समस्तीपुर शहर स्थित मालगोदाम के पास हुई घटना दो हिरासत में, बाइक जब्त

SAMASTIPUR: समस्तीपुर शहर के मालगोदाम स्थित मा‌र्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यालय पर बदमाशों ने अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। मेन गेट को तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने एक निजी चारपहिया वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्हें रोकने के दौरान विभूतिपुर के माकपा विधायक अजय कुमार के बॉडीगार्ड अनिल राम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने एक बाइक जब्त करने के साथ ही दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

की जा रही हमलावरों की पहचान

नगर थाने के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है। घटना की बाबत विधायक ने नगर थाने में आवेदन दिया है। इसमें 15-20 अज्ञात लोगों के अलावा मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनेलाल ढाला निवासी सुरेश राय के पुत्र राहुल कुमार, नगर थाना क्षेत्र के कबीर आश्रम परिसर निवासी लालबाबू राय के पुत्र राहुल कुमार उर्फ चुसनी और शेखटोली के मुनाजिर को नामजद आरोपी बनाया गया है।

सर्विस रिवाल्वर छीनने का प्रयास

बताया गया कि सैटरडे की रात 10 बजे चारपहिया वाहन और बाइक से आए दर्जन भर बदमाशों ने माकपा कार्यालय पर हमला कर दिया। इस दौरान वहां विधायक अजय कुमार, बॉडीगार्ड और कुछ कार्यकर्ता आराम कर रहे थे। शोर सुनकर बॉडीगार्ड अनिल राम और त्रिलोकी कुमार ने मोर्चा लिया। बदमाशों ने अनिल राम से सर्विस रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पूर्व बदमाश भाग निकले। बाद में लोगों ने जख्मी अनिल कुमार का उपचार कराया।

दो मई को भी हुआ था हमला

वहीं विधायक ने बताया कि बीते दो मई को भी उजियारपुर में हमले का प्रयास किया गया था। इसमें वे बाल-बाल बच गए। उन्होंने लगातार हो रहे हमले पर चिंता जताई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने संडे को शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वे हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी और विधायक की समुचित सुरक्षा देने की मांग कर रहे थे। विधायक और समर्थकों ने बीच सड़क पर धरना देकर दो घंटे तक मुख्य मार्ग को जाम रखा। बाद में विधायक के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने एसपी मानवजीत सिंह से मिलकर वार्ता की। एसपी के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।