पटना (ब्यूरो)। दानापुर के मनेर के रामपुर, बालू घाट पर नाव में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से 5 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। अवैध बालू से लदे नाव में सिलेंडर फटने के बाद कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान रंजन पासवान (32), दशरथ पासवान(32), ओम प्रकाश राय(34) और कन्हाई बिंद(40) के रूप में हुई है। रंजन पासवान, दशरथ पासवान और ओम प्रकाश राय हल्दी छपरा मनेर के रहने वाले थे। वहीं कन्हाई बिंद साहेबगंज, शोभनपुर, झारखंड के निवासी थे। इधर मौत की सूचना के बाद मनेर थाना की पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

जिंदा जले 5 मजदूर
अवैध बालू लेकर जा रहे नाव में करीब 20 मजदूर सवार थे। जिसमें से 5 बालू मजदूर झोपड़ी में खाना बना रहे थे। उसी दौरान गैस रिसाव हुआ और उसमें आग लग गई। पास में ही पेट्रोल भी रखा था, उसमें भी आग लग गई और नाव में सवार 5 मजदूर जिंदा जल गए। वहीं दर्जनों मजदूर घायल हुए हैं। सभी मजदूर सोन नदी से अवैध बालू लेकर सोनपुर सारण की ओर जा रहे थे। हालांकि बिहार सरकार ने फिलहाल बालू खनन पर पूरी तरह से रोक लगा रखी है, इसके बावजूद लगातार सोन से बालू खनन का अवैध कारोबार जारी है।

अवैध बालू खनन का खेल
बिहार में फिलहाल बालू खनन पर रोक है। बावजूद अवैध तरीके से बालू का कारोबार कई जिलों में चल रहा है। पटना के मनेर थाना क्षेत्र के रामपुर बालू घाट पर बालू लदे नाव में वारदात हुई है। हल्दी छपरा के मुखिया अशोक कुमार ने बताया कि बालू घाट पर सभी मजदूर मजदूरी का काम करते थे। इस दौरान नाव में खाना बनाने के दौरान सिलेंडर फटने से 5 लोगों की मौत हो गई है। सूचना प्राप्त होने के बाद सभी लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मनेर थाना क्षेत्र के रामपुर बालू घाट पर नाव में खाना बनाते समय 5 मजदूरों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-राजीव रंजन, थानेदार, मनेर