पटना ब्‍यूरो। महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल को भारत गौरव अवार्ड से नवाजा जाएगा। संस्कृति युवा संस्था द्वारा 5 जून को फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित फ्रांस के सीनेट में आचार्य किशोर कुणाल को यह अवार्ड दिया जाएगा। संस्कृति युवा संस्था भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने वाला अन्तर्राष्ट्रीय फोरम है जो 28 वर्ष पूर्व गठित हुआ था। आचार्य किशोर कुणाल को संस्था द्वारा 11वां भारत गौरव पुरस्कार दिया जाएगा। संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने महावीर मन्दिर को ई-मेल कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। पेरिस में इसी साल 5 जून को आयोजित होनेवाले भारत गौरव पुरस्कार समारोह में भारत की कई जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। महावीर मन्दिर को संस्कृति युवा संस्थान द्वारा भेजे गये ई मेल में कहा गया है कि संस्था की अवार्ड स्क्रीनिंग कमिटी ने आचार्य किशोर कुणाल को प्रतिष्ठित व्यक्तित्व और देश के गौरव के प्रतीक के रूप में 11वां भारत गौरव अवार्ड के लिए चुना है।