-सहनी ने तेजस्वी पर साधा निशाना, तेजप्रताप का बचाव

PATNA: महागठबंधन से अलग हुए विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी विधानसभा की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं। संडे को उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस कर चुनावी रणनीति के बारे में बताया। साथ ही नेता प्रतिपक्ष पर खुलकर निशाना साधा। मुकेश सहनी ने कहा कि तेजस्वी यादव ने पीठ में छुरा मारा है। उनसे 25 सीट और एक उप मुख्यमंत्री पद को लेकर बात हो चुकी थी। सहनी ने कहा उनका प्रण है कि भविष्य में कभी भी तेजस्वी यादव के साथ राजनीति नहीं करेंगे, पर तेजप्रताप यादव के विषय में विचार कर सकते हैं।

पप्पू व कुशवाहा से हो रही बात

सहनी ने कहा कि उनकी बात जन अधिकार पार्टी के पप्पू यादव और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के साथ चल रही है। यदि सार्थक नतीजे नहीं आए तो उनकी पार्टी विधानसभा की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। सहनी ने कहा 5 अक्टूबर तक कैंडिडेट की पहली लिस्ट जारी कर दी जाएगी। लालू प्रसाद के विचारों से प्रभावित होकर महागठबंधन में शामिल हुए थे.अब राजद लालू की पार्टी नहीं रह गई है।

अंतिम समय में घोपा छुरा

मुकेश सहनी ने कहा कि तेजस्वी यादव की जिद और हठधर्मिता की वजह से दलितों के नेता जीतन राम मांझी अलग हुए। इसके बाद उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा भी महागठबंधन से छिटक गई। कांग्रेस को भी तेजस्वी ने बहुत ब्लैकमेल किया। उसे 58-70 सीट के फेर में उलझाए रखना चाहते थे। वीआइपी के साथ किए वादे भी नहीं पूरा किया। अंतिम समय में पीठ में छुरा घोप दिया। बदला चुनाव में अति पिछड़ा समाज उनसे लेगा।