- जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में पूर्णिया के रूपसपुर और कटिहार के रौतारा गांव पहुंचे मुख्यमंत्री

KATIHAR/PATNA: जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्णिया जिले के रूपसपुर और कटिहार जिले के रौतारा गांव में थे। उन्होंने पूर्णिया समाहरणालय के सभागार में प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक को भी संबोधित किया। कटिहार में उन्होंने जैविक खैती की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे विदेशों में भी बिहार की पहचान बन रही है। जैविक खेती से औरंगाबाद सहित अन्य जिलों में उत्पादित आलू की प्रशंसा विदेशों के कृषि वैज्ञानिकों ने भी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान जैविक खेती को अपनाएं। सरकार उन्हें प्रमाणपत्र देगी।

हेलीकॉप्टर से धमदाहा पहुंचे थे सीएम

मुख्यमंत्री दिन में 12.20 बजे हेलीकॉप्टर से धमदाहा प्रखंड के रूपसपुर खगहा पहुंचे। उन्होंने जल-जीवन-हरियाली योजनाओं का अवलोकन किया और डॉ। लक्ष्मी नारायण सुधांशु पुस्तकालय का उद्घाटन किया। मौके पर डॉ। सुधांशु के बड़े पुत्र प्रद्युम्न सिंह ने सुधांशु जी के पत्रों का संग्रह साहित्य पत्र पुस्तक उन्हें भेंट किया। नीतीश कुमार ने पुस्तकालय के विकास का भरोसा दिलाया। उन्होंने यहां स्वतंत्रता सेनानी केदारनाथ चौधरी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां 1,12,35,800 रुपये की लागत से तैयार जल-जीवन-हरियाली की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन किया। नीतीश कुमार ने सबसे पहले करीब 86 लाख की राशि से जीर्णोद्धार किए गए काली पोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के पास पौधारोपण किया तथा पांच प्रकार के पौधे लगाने का निर्देश दिया। तालाब के पास निर्मित पंचायत सरकार भवन का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी योजना के तहत एक महिला की गोदभराई की तथा एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं कृषि विभाग के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। स्टॉल में उन्होंने कस्टम हाय¨रग योजना के तहत एक महिला किसान को ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की। मौके पर विधायक लेशी सिंह ने सीएम को मोमेंटो भेंट किया।