-गवर्नर फागू चौहान ने बिहार म्यूजियम का किया परिभ्रमण

PATNA: गवर्नर फागू चौहान रविवार को पहली बार बिहार म्यूजियम परिभ्रमण पर पहुंचे। विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने इसकी खूब प्रशंसा की। गवर्नर ने बिहार म्यूजियम के परिभ्रमण के बाद 'विजिटर्स बुक' में हस्ताक्षर करते हुए लिखा कि 'बिहार संग्रहालय अद्भुत और गौरवशाली है.' पूर्व मुख्य सचिव और बिहार म्यूजियम सलाहकार समिति अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने गवर्नर के बिहार म्यूजियम के परिभ्रमण के लिए उनके प्रति आभार व्यक्तकिया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट की।

विभिन्न दीर्घाओं की ली जानकारी

गवर्नर के साथ उनके अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, कला-संस्कृति एवं युवा विभाग के प्रधान सचिव रवि परमार, बिहार संग्रहालय के निदेशक दीपक आनंद, सीनियर रेजिडेंट इंजीनियर एमएस याहिया और प्रभारी अभियंता विनोद चौधरी, राज्यपाल के परिसहाय मेजर हिमांशु तिवारी ने भी बिहार संग्रहालय का अवलोकन किया। परिभ्रमण के दौरान संग्रहालयाध्यक्ष मोमिता घोष एवं रणवीर सिंह राजपूत ने राज्यपाल फागू चौहान को बिहार म्यूजियम की विभिन्न दीर्घाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विरासतों और कलाकृतियों को देखा

गवर्नर ने बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत पर बनी फिल्म का भी अवलोकन किया। उन्होंने 'इतिहास दीर्घा' में मौर्यकालीन, गुप्तकालीन, पालकालीन और मुगल सल्तनत आदि से जुड़ी ऐतिहासिक विरासतों और कलाकृतियों को देखा। उन्होंने गांधार शैली में बोधिसत्व, 'लेडीविथ पैरॉट' एवं द्वितीय लार्जेस्ट स्टैंडिंग बुद्धा (कांस्य निर्मित) को भी अद्भुत बताया और इन्हें बिहार संग्रहालय की विशिष्ट धरोहर माना। राज्यपाल ने 'टेराकोटा' कला शैली के विभिन्न कला-कृतियों की भी प्रशंसा की।