-जमालपुर कॉलेज, जमालपुर के प्राचार्य से विवाद की बात आई सामने

-पुलिस ने कॉलेज के प्राचार्य को लिया हिरासत में

MUNGER: बिहार के मुंगेर जिले में अज्ञात अपराधियों ने बुधवार को दिन के 11.30 बजे जमालपुर कॉलेज, जमालपुर के गेट पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सह जमालपुर कॉलेज के आइआरपीएम (इंडस्ट्रियल रिलेशन एंड पर्सनल मैनेजमेंट) विभाग के अध्यक्ष प्रो। अजफर शमशी को गोली मार दी। घटना के समय वे अपने वाहन से उतरकर कॉलेज के कार्यालय की ओर जा रहे थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। इस मामले में पुलिस ने कॉलेज के प्राचार्य को हिरासत में लिया है।

प्रभारी प्रचार्य पर गंभीर आरोप

मौजूद लोगों ने बताया कि अपराधियों ने उनपर कई गोलियां चलाई, जिनमें से एक उनके कान के पीछे लग गई। इसके बाद प्रो। शमशी को आनन-फानन सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो और डीआइजी शफी उल हक सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस पदाधिकारियों को दिए बयान में प्रो। शमशी ने जमालपुर कॉलेज, जमालपुर के प्रभारी प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए।

प्रो। शमशी ने अपने बयान में कहा कि प्रभार को लेकर दो दिन पूर्व भी प्राचार्य से उनकी कुछ कहासुनी हुई थी। प्रो। शमशी के बयान के आधार पर पुलिस ने प्रो। ललन प्रसाद सिंह को हिरासत में ले लिया। एसपी और डीआइजी ने स्वयं प्रो। ललन प्रसाद सिंह से पूछताछ की। इधर, इस मामले में पुलिस द्वारा एक अन्य युवक को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस पदाधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

डीआईजी शफी उल हक ने बताया कि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और जमालपुर कॉलेज, जमालपुर के प्रोफेसर अजफर शमशी को बुधवार को दिन में कॉलेज गेट पर अज्ञात लोगों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। प्रो। शमशी ने अपने बयान में प्रभारी प्राचार्य प्रो। ललन प्रसाद सिंह पर आरोप लगाए हैं। प्रो। ललन प्रसाद सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हमले को लेकर उप मुख्यमंत्री सख्त

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रोफेसर अजफर शमशी पर हमले की घटना पर उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने सख्त रुख अख्तियार किया है। उन्होंने मुंगेर एसपी से बात कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ने तत्काल मुंगेर के पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो से बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अजफर शमसी के साथ घटित घटना निंदा की और कहा कि घटना में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम गठित कर अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। अजफर शमशी मुंगेर जिले के जमालपुर कॉलेज में प्रोफेसर हैं। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चिकित्सकों से बात कर शमशी को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।