-तीसरी सोमवारी को जलाभिषेक के लिए गंगा घाटों पर बढ़ने लगी है भीड़

BHAGALPUR/PATNA : सावन की तीसरी सोमवारी को देवघर में बाबा वैद्यनाथ को जलाभिषेक करने को लेकर सुल्तानगंज में कांवरियों की भीड़ बढ़ने लगी है। शुक्रवार को डेढ़ लाख कांवरियों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और बोल बम के जयकारे के साथ देवघर के लिए रवाना हुए। इस दौरान सुबह और दोपहर में हुई झमाझम बारिश से कांवरियों को काफी राहत मिली।

ट्रेनों में कांवरियों की भीड़

दिल्ली, आजमगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश से आने वाली ट्रेनों में कांवरियों की काफी भीड़ देखी जा रही है। सुल्तानगंज स्टेशन परिसर में कांवरियों के लिए व्यवस्था कम पड़ रही है। स्टेशन परिसर के दक्षिणी छोर में अंधेरा छाया हुआ है। वहीं साफ-सफाई कीभी मुकम्मल व्यवस्था नहीं है। पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण कांवरिया बोतलबंद पानी पीने को मजबूर हैं। वहीं मेला क्षेत्र में कांवरिया अव्यवस्था के बीच देवघर रवाना हो रहे हैं। श्रावण माह के 15 दिन बीतने के बाद ही सारी व्यवस्था फेल हो गई है। असम से पहुंचे कांवरियों ने कहा कि गंगा घाट पर साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था नहीं है। गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। जिसके कारण जान जोखिम में डालकर स्नान करना पड़ रहा है। कच्चे कांवरिया पथ पर प्रशासन द्वारा लाइट की व्यवस्था की गई है लेकिन कई जगह ये बंद हो चुकी है, जिसके कारण रात के अंधेरे में यात्रा करना मुश्किल हो रहा है।