- राजेंद्र नगर में नगर निगम की कूड़ा गाड़ी ने बच्चे को कुचला

- घटना के विरोध में लोगों ने किया सड़क जाम, दो घंटे तक रहा अफरा-तफरी का माहौल

- चार बहनों का इकलौता भाई था तीन साल का देवा

PATNA

: कंकड़बाग थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर मलाही पकड़ी के पास नगर निगम की कूड़ा गाड़ी से कुचल कर तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज लोगों ने लगभग दो घंटे तक सड़क जाम कर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने कई गाडि़यों में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अफरातफरी के माहौल के बीच पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। वहीं, इकलौते बेटे रोहित उर्फ देवा की मौत की सूचना मिलने पर मां सुषमा का हाल बुरा हो गया। देवा के पिता राकेश पासवान पेशे से ड्राइवर हैं। देवा चार बहनों का इकलौता भाई था। मुस्कान, रोशनी, बूची और आभा के बाद रोहित उर्फ देवा सबसे छोटा था। कंकड़बाग थाना के पास ही झुग्गी में राकेश परिवार के साथ रहता है।

गया था नहाने

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह लगभग 10:30 बजे देवा उर्फ रोहित घर के पास जगदीश मेमोरियल हॉस्पिटल के पास पानी टंकी पर नहाने गया था। नहाने के बाद देवा घर आ रहा था इसी बीच नगर निगम की कूड़ा गाड़ी उसे कुचल दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। नगर निगम की कचरा ढोने वाली छोटी गाड़ी को रोक दिया। ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटनास्थल पर सौ से अधिक लोग जमा होकर पुलिस और नगर निगम के विरोध में नारेबाजी की। दो तीन जगहों पर टायर जलाकर आगजनी की।

सबकी नम हो गई आंखें

देवा के पिता राकेश ने रोते हुए बताया कि बड़ी मिन्नत के बाद भगवान ने एक बेटा दिया था। उसे भी छीन लिया। वहीं मां सुषमा सड़क पर ही अपने बेटे को आंचल में लेकर रो रही थी। बार-बार कही रही थी कि बेटा तुम कहां चले गए। भगवान ने मेरे साथ अन्याय किया है। उसकी दहाड़ मार कर रोने से वहां मौजूद सब लोगों की आंखें नम हो गई।

दो घंटे तक मची रही अफरातफरी

लोगों के उग्र रूप को देखते हुए मौके पर कंकड़बाग, पत्रकार नगर और जक्कनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना मिलते ही एएसपी सदर संदीप सिंह भी पहुंच गए। गंभीर हालात को देखते हुए बीएमपी के जवानों को भी बुलाया गया। लोगों के हंगामे को देखते हुए राजेंद्र नगर पुल के दोनों तरफ गाडि़यों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई। गुस्साए लोगों ने घटनास्थल से सटे सभी इंट्री प्वाईंट को बांस बल्ले से घेरकर ब्लॉक कर दिया। डॉक्टर्स कॉलोनी मोड़ के पास लोगों ने टायर भी जलाया।

नशे में था ड्राइवर

मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि डंपर का ड्राइवर नशे में था। काफी तेज रफ्तार से डंपर चला रहा था। उनका कहना था नगर निगम के ड्राइवर हमेशा तेज गति से गाड़ी चलाते हैं। लोगों ने हंगामे के बीच पुलिस से मांग की कि यहां बच्चे खेलते रहते हैं। इसलिए ब्रेकर बनाया जाए।

नौकरी देने की मांग

लोगों को समझाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने जब उन्हें हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया तब जाकर गुस्साए लोग माने। इस दौरान लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

डंपर ड्राइवर की पहचान की जा रही है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को हरसंभव मदद की जाएगी।

-संदीप सिंह, एएसपी सदर