GAYA/PATNA: हम यहां ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं कि पर्यटक आएं तो कुछ दिन यहां ठहरें। गंगा के जल को गया और बोधगया तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। यह बातें बुधवार को गया में बौद्ध महोत्सव-2020 का उद्घाटन करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहीं। बौद्ध महोत्सव का उद्घाटन सीएम और डिप्टी सीएम समेत अन्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर पर तथागत स्मारिका का विमोचन किया गया। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बोधगया की धरती अद्भुत है। यहां राजकुमार सिद्धार्थ को ज्ञान मिला। इस भूमि को नमन करने की लालसा बौद्ध धर्मावलंबियों की होती है। बौद्ध महोत्सव से बौद्ध देशों में नया संदेश जा रहा है। यही कारण है कि इसमें लोगों की सहभागिता बढ़ी है। कई देशों के कलाकार शामिल हो रहे हैं। बिहार में करोड़ों पर्यटक आने लगे हैं। इसमें विदेशी पर्यटकों की संख्या 11 लाख से अधिक हो गई है।

हेमा मालिनी ने समां बांधा

बौद्ध महोत्सव के मंच पर पहली संस्कृतिक कार्यक्रम में ब्रज की फुहार बरसी। सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी और कलाकारों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने तालियों से उनका व उनके दल का स्वागत किया। उन्होंने अपने दल के साथ राघव रास बिहारी के तहत नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके पहले उनके दल के कलाकारों ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। बरसाने में कृष्ण के द्वारा मनिहारी बनकर राधा को चूड़ी बेचने, लिल्हारी बनकर गोदना गोदने की लीला, कंस के युद्ध कौशल, कान्हा और राधा की होली को जीवंत कर दिया। कदम के डाली झूले राधा रानी झुलावे बनवारीकी प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हेमा मालिनी को खादा भेंट कर उनका स्वागत किया।