-मारपीट, लूटपाट और मकान तोड़ने की दर्ज कराई प्राथमिकी

ROHTAS: रोहतास शहर के रिहायशी इलाके सिविल लाइन में शनिवार को विवादित जमीन पर कब्जा करने के लिए एक पक्ष के लोगों ने बुलडोजर चलवाकर मकान को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान परिवार के आधा दर्जन सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया गया था। विरोध करने पर निरंजन कुमार, मुकेश कुमार, जयराम सिंह व शशि कुमारी समेत कई अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। पीडि़तों ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। नगर थानाध्यक्ष कामाख्या नारायण सिंह ने बताया कि पीडि़त पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

दो घंटे तक किया तांडव

पीडि़त मुकेश कुमार के अनुसार घटना को अंजाम देने से पहले कई चक्र फाय¨रग की गई। दर्जनों की संख्या में आए लोगों ने दो घंटे तक तांडव किया। मकान तोड़े जाने के दौरान घर के सभी लोगों का मोबाइल फोन भी ले लिया गया। घर को ध्वस्त करने के बाद कीमती सामान भी ले गए। पीडि़त जयराम सिंह ने पुलिस और प्रशासन पर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार मकान के मालिकाना हक को ले काफी समय से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। हमलावर पक्ष की ओर से दावा किया गया कि मकान का मालिकाना हक उनके पास है। मकान जर्जर हो गया था, जिस कारण स्थानीय प्रशासन, नगर परिषद व नगर थाना को आवेदन देकर मकान तोड़ने की अनुमति प्राप्त की गई है। हालांकि मकान संबंधी कागजात मांगने पर कोई जवाब नहीं दिया गया।