- बर्फीली हवा तेज होने से ठिठुर रहा प्रदेश, पटना समेत अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे

GAYA: ठंड का असर रेल पटरियों पर भी पड़ने लगा है। मंडे की देर रात गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर ट्रैक नंबर छह की पटरी चटक गई। पटरी चटकने के पहले गया से पटना के लिए स्टॉफ स्पेशल ट्रेन गुजरी थी। रात करीब 12: 45 बजे पटरी को दुरुस्त कर ट्रेनों को कॉशन पर 30 किमी की रफ्तार से चलाया गया।

जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट

इधर पूरे प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है। गया में शीतलहर है, जबकि अन्य सभी जिलों में बुधवार को कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। कोल्ड डे का मुख्य कारण कोहरा और धुंध को माना जा रहा है। उत्तरी बिहार में बुधवार और गुरुवार को ज्यादा धुंध छाए रहने के आसार हैं। राजधानी समेत राज्य के अधिसंख्य जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। गया राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा।