पटना(ब्यूरो)। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर शुक्रवार को संजय गांधी जैविक उद्यान में आयोजित चित्रकारी प्रतियोगिता में बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 800 बच्चों ने ऑनलाइन निबंधन कराया था। 1100 से ज्यादा बच्चे जैविक उद्यान पहुंच गए। 32 से अधिक विद्यालयों के बच्चे प्रतियोगिता में शामिल हुए। उद्यान में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने फूल के साथ तितली, मेढ़क और उछलते चीते की तस्वीरें बनायीं। चित्रकारी प्रतियोगिता तीन ग्रुप में हुई। स्थल पर चित्रकारी का विषय बताया गया। ग्रुप ए में शामिल कक्षा एक से चार के बच्चों के लिए एक फूल पर तितली, ग्रुप बी में कक्षा पांच से आठ तक के बच्चे पत्ती में मेढ़क और ग्रुप सी में शामिल कक्षा नौ से 12वीं तक के बच्चों ने उछलते तेंदुएं की तस्वीरें बनाई।

सुबह 7 बजे से प्रतियोगिता
चित्रकारी प्रतियोगिता सुबह 7.00 बजे से 8.30 बजे तक हुई। निर्णायक मंडल में पक्षी विशेषज्ञ नवीन कुमार, कलाकार सुधीर नयन, श्यामल दास, डीके दास, वीरेंद्र कुमार शामिल हुए। चित्रकारी प्रतियोगिता को सफल बनाने में बिहार राज्य जैव विविधता प्रबंधन समिति के सचिव डॉ। के गणेश, उप निदेश सुनील कुमार सिन्हा, भौगोलिक सूचना प्रणाली एवं सुदुर संवेदन पदाधिकारी भावेष कुमार, निशांत राज सहित संलय गांधी जैविक उद्यान के उप निदेशक अमित कुमार, रेंज ऑफिसर आनंद कुमार, अरङ्क्षवद वर्मा आदि ने योगदान दिया।

फोटोग्राफी प्रतियोगिता में भाग लिया 85 बच्चों ने

फोटोग्राफी प्रतियोगिता में 85 बच्चों ने भाग लिया। सुबह 9.00 बजे से 10.00 बजे के बीच प्रतियोगिता हुई। इसमें कक्षा 12 तक के बच्चे शामिल हुए। अधिकांश बच्चों ने फूल, तितली, बाघ, शेर, भालू, चिम्पैजी की तस्वीरें अपने कैमरे में कैद कीं। कई बच्चे पेड़-पौधे तथा खुले में विचरण कर रहे पक्षियों की तस्वीर अपने कैमरे में कैद की।

बच्चे होंगे पुरस्कृत
अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 22 मई को है। प्रत्येक ग्रुप से चार-चार बच्चे पुरस्कृत होंगे। संजय गांधी जैविक उद्यान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।