- पुलिस हेडक्वार्टर ने सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की जांच के लिए सिटी एसपी सेंट्रल विनय तिवारी को मुंबई भेजा

- एसपी विनय तिवारी ने कहा, जांच में खुल सकते हैं कई राज

श्चड्डह्लठ्ठड्ड@द्बठ्ठद्ग3ह्ल.ष्श्र.द्बठ्ठ

क्कन्ञ्जहृन् :

सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले की जांच करने के लिए पटना के सिटी एसपी सेंट्रल विनय तिवारी रविवार को मुंबई पहुंच गए। मुंबई जाने से पहले विनय तिवारी ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। एफआईआर में जो तथ्य उनके द्वारा सामने लाया गया है उसकी जांच आगे बढ़ रही है। हालांकि जांच को लेकर पटना पुलिस की कार्रवाई के बारे में पूछने पर एसपी विनय तिवारी ने कहा कि जांच के दौरान कुछ कहना उचित नहीं है। जांच कब तक पूरी होगी यह नहीं बताया जा सकता। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की मॉनिटरिंग सीनियर अफसर कर रहे हैं।

गौरतलब है कि बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच के लिए मुंबई गई पुलिस की टीम कई परेशानियों का सामना कर रही है। इसे देखते हुए पटना सिटी एसपी विनय तिवारी को भी मुंबई भेजा गया।

अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश

मुंबई के लिए रवाना होने से पहले एसपी विनय तिवारी ने बताया कि वह इस मामले की अधिक से अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि मुंबई में पहले से ही पटना पुलिस की एसआईटी जांच कर रही है। अब तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है।

पूजा के नाम पर 2.93 लाख निकाले

सुशांत सिंह मामले में जैसे-जैसे बिहार पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में सुशांत का अकाउंट के डिटेल्स में पूजा-पाठ के नाम पर 2 लाख 93 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है।

कब कितनी राशि निकली

- 14 जुलाई, 2019 : 45000

- 22 जुलाई, 2019 : 55,000 और 36,000

- 2 अगस्त, 2019 : 86,000

- 8 अगस्त, 2019 : 11,000

- 15 अगस्त, 2019 : 60,000

मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में मुंबई से लेकर पटना तक मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया जा रहा है। आम आदमी से लेकर नेता तक मामले की सीबीआई जांच की मांग करने लगे हैं। इस बीच मुंबई पुलिस पर पटना पुलिस को सहयोग नहीं करने का आरोप लगा था। अब बिहार के सीनियर आईपीएस अफसर विकास वैभव ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अपने ट्वीट में उन्होंने इशारों-इशारों में मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। अपने ट्वीट में विकास वैभव ने लिखा है कि पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। पारदर्शिता ऐसी जो स्पष्ट रूप से प्रतीत भी हो। जब ऐसा नहीं होता तब निश्चित ही संदेह उत्पन्न होता है जो उचित नहीं है। पारदर्शिता से ही पुलिस में आम जनता का विश्वास बढ़ता है।

एनसीपी ऑफिस पर प्रदर्शन

सुशांत सिंह राजपूत को न्याय दिलाने की मांग और महाराष्ट्र सरकार के रवैये के विरोध में रविवार को करणी सेना ने एनसीपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। इस दौरान एनसीपी के शरद पवार का पुतला फूंका गया। इसके अलावा तोड़फोड़ भी की गई। करणी सेना के नेताओं ने बताया कि जिस तरह से महाराष्ट्र की सरकार के इशारे पर बिहार की पुलिस को तंग किया जा रहा है और जांच नही करने दिया जा रहा है उसका हम विरोध करते है। उन्होंने कहा कि सुशांत को न्याय दिलाने के लिए करणी सेना चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

एसआईटी को आ रही दिक्कत

बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने रविवार को स्वीकार किया कि सुशांत सिंह मौत मामले में जांच के दौरान बिहार पुलिस को कुछ दिक्कतें आ रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक मुंबई पुलिस ने सुशांत सुसाइड केस से संबंधित दस्तावेज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज बिहार पुलिस की टीम को सौंपा नहीं है। इसके अलावा सुशांत केस से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी गई।

रहस्य से उठाएंगे पर्दा

इससे पहले शनिवार को डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले का पूरा सच बिहार पुलिस सामने लाएगी। हम रहस्य से पर्दा उठाकर रहेंगे। बिहार पुलिस की टीम मुंबई में जांच कर रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बिहार पुलिस की टीम को मुंबई पुलिस ने शुरुआत में अपेक्षित सहयोग नहीं की। सुशांत को न्याय दिलाने के दिए जान की बाजी लगा देंगे।