-110वें बिहार दिवस पर सीएम ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर

PATNA: हम सबका उद्देश्य बिहार को विकसित राज्य बनाना है। यह सबकी इच्छा है कि बिहार विकसित राज्य बने। बिहार ज्ञान और मोक्ष की धरती है। बिहार के सभी लोगों को ज्ञान प्राप्त कराना है। यह बातें सीएम नीतीश कुमार ने मंडे को कही। वे वर्चुअल मोड में आयोजित 110वें बिहार दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। बिहार दिवस के आयोजन में सीएम ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर सर्वाधिक जोर दिया। जल-जीवन-हरियाली अभियान की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है। बिहार को फिर से उसी ऊंचाई पर लाना है। क्या नहीं है यहां! विश्व के कितने बड़े इलाके पर यहां से शासन होता था। शिक्षा की चर्चा के क्रम में उन्होंने कहा कि आज कितनी बड़ी संख्या में यहां लड़कियां पढ़ रही हैं। हर ग्राम पंचायत में इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की गई है। लोग शिक्षित होंगे तो बिहार के गौरवशाली इतिहास के पास पहुंचेंगे। देश को आगे बढ़ाने में बिहार मदद करेगा।

हो रहे प्रशासनिक सुधार

सीएम ने कहा कि बिहार में लोगों के स्वास्थ्य पर ध्यान रखा गया है। प्रशासनिक सुधार के काम हो रहे। लोक सेवा अधिकार के माध्यम से सभी तरह के सर्टिफिकेट मिल रहे। लोक शिकायत निवारण कानून से शिकायतों का निवारण हो रहा है। सड़कों की स्थिति पहले क्या थी? बड़ी संख्या में पुल बनाए गए हैं। अब गांव के अंदर सड़क बनाएंगे और शहरों के अंदर बाईपास बनेगा। लोगों को तकनीकी का प्रशिक्षण देंगे। बोधगया, गया, राजगीर व नवादा में गंगा के पानी को पहुंचाने के काम में तेजी लाई गई है। सीएम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की बात एक-एक विभाग को समझना होगा।