-पटना का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया

PATNA

: राजधानी में बुधवार को मौसम का रुख बदलता रहा। दिनभर बादल छाए रहे तो शाम को बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी सहित प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे। हिमालय क्षेत्र से आ रही बर्फीली हवा के कारण तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जनवरी तक आकाश साफ होने के बाद तापमान में कमी आएगी जिसके बाद हल्की ठंड बढ़ेगी।

बढ़ी कनकनी

बुधवार को पटना में सुबह कोहरा छाया रहा। हवा में नमी की मात्रा 95 फीसद पहुंचने के कारण कनकनी का अहसास किया गया। दोपहर में थोड़ी देर के लिए हल्की धूप निकली जिससे अधिकतम तापमान बढ़कर 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में गया, भागलपुर और पूर्णिया का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर रिकॉर्ड किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और अधिकतम 23.1 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और अधिकतम 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री और अधिकतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का असर 11 जनवरी तक बिहार में दिखेगा। 12 जनवरी से आकाश साफ होने के कारण तापमान में गिरावट की संभावना है।