पटना (ब्यूरो)।आर ब्लाक के समीप अटल पथ पर मंगलवार की दोपहर स्कार्पियो और आटो में हुई टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीर और आसपास के लोग जुट गए। डायल 112 की गाड़ी भी पहुंच गई। दंपती सहित तीनों घायलों को उपचार के लिए गर्दनीबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं क्षतिग्रस्त आटो को ट्रैफिक थाना ले जाया गया।
दोपहर करीब तीन बजे एक आटो सवारी लेकर अटल पथ होते हुए दीघा से आर ब्लाक की तरफ आ रहा था। आटो के आगे स्कार्पियो थी। आटो चालक उसे ओवरटेक करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आर ब्लाक के पहले ही कट की तरफ से अचानक एक चार पहिया वाहन अटल पथ पर आ गया और स्कार्पियो चालक ने वाहन को दाहिने तरफ कर लिया। तेज गति और ओवरटेक करने के चक्कर में पीछे चल रहा आटो अनियंत्रित होकर स्कार्पियो से टकरा गया। टक्कर के बाद आटो सवार एक महिला सड़क पर जा गिरी। उनकी पहचान जयमाला के रूप में हुई, जो मूल रूप से हिलसा की रहने वाली है और वर्तमान में राजीव नगर में रहती है। दुर्घटना में नेहरू नगर निवासी मो। कमाल बखो और उनकी पत्नी भी घायल हैं। घटना के बाद चालक स्कार्पियो संग फरार हो गया और आटो चालक भी वहां से भाग गया।