- बंगाल की खाड़ी में बना था प्रति चक्रवात, उत्तरी बिहार के कई जिलों में हुई बारिश

- आज कई जिलों में आंधी के साथ बारिश के आसार

-------

PATNA :

बंगाल की खाड़ी में बना प्रति चक्रवात धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। रविवार को प्रति यह और कमजोर हो जाएगा, इसलिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का आकाश साफ हो जाएगा। शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे। कई जिलों में तेज आंधी चलने के साथ बारिश भी हुई। उत्तरी बिहार में अच्छी बारिश रिकॉर्ड हुई। रविवार को पूर्वी व उत्तरी बिहार के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा, बंगाल की खाड़ी में बने प्रति चक्रवात के कारण राज्य के विभिन्न इलाकों में आंधी के साथ बारिश हुई। शनिवार को उत्तरी बिहार के गौनाहा में 29 मिमी., रामनगर में 28, चनपटिया में 15 और बगहा में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार को पूरे दिन अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे। रविवार को किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया, पूर्णिया, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगडि़या व जमुई में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, ओडिशा व आसपास के क्षेत्रों में अभी भी एक ट्रफ लाइन बनी है, जिससे बड़ी मात्रा में नमी आ रही।

आठ डिग्री गिरा पटना का पारा :

राजधानी के तापमान में आठ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से भी पांच डिग्री सेल्सियस कम है। जबकि शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। शनिवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रविवार को भी न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। राजधानी की हवा में आर्द्रता 70 फीसदी रिकॉर्ड की गई। शनिवार को पटना के अलावा गया, भागलपुर, पूर्णिया व वाल्मीकिनगर का तापमान भी गिरा।