- केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान अपनी आंसुओं को रोक नहीं पाए

KHAGARIYA/PATNA: दिवंगत समस्तीपुर सांसद रामचंद्र पासवान की अस्थियों को गुरुवार को उनके गृह पंचायत अलौली के फुलतौड़ा स्थित बागमती नदी में प्रवाहित किया गया। अस्थियों को उनके पुत्र ¨प्रसराज ने बागमती में विसर्जित किया।

इस दौरान दिवंगत समस्तीपुर सांसद रामचंद्र पासवान के अग्रज और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। सजल नयन से परिजनों ने बागमती में अस्थियों का विसर्जन किया। इस अवसर पर जमुई सांसद चिराग पासवान, हाजीपुर सांसद पशुपति कुमार पारस, खगडि़या सांसद चौधरी महबूब अली कैसर आदि मौजूद थे। अस्थि कलश यात्रा 12.30 बजे मेघौना गांव से शुरू हुई और 1.15 में फुलतौड़ा घाट पहुंची। अस्थि कलश यात्रा में भारी भीड़ जुटी। जब तक सूरज चांद रहेगा, रामचंद्र तेरा नाम रहेगा, रामचंद्र पासवान अमर रहे, के नारे से वातावरण गूंजायमान हो उठा। फुलतौड़ा घाट पर केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और सांसद पशुपति कुमार पारस ने अस्थि कलश को नमन किया। इसके बाद सभी पूर्व से खड़ी नाव पर सवार हुए। मध्य बागमती में अस्थियों का विसर्जन किया गया। इसके बाद सभी पैतृक गांव शहरबन्नी रवाना हो गए। जहां सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम अनिरुद्ध कुमार, डीडीसी रामनिरंजन सिंह कैंप कर रहे थे।