-सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने ट्वीट कर दी जानकारी

DARBHANGA: इंडिगो एयरलाइंस भी अब दरभंगा एयरपोर्ट से फ्लाइट सेवा शुरू करेगी। उसने कोलकाता और हैदराबाद के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। 5 जुलाई से उड़ान सेवा शुरू हो जाएगी। सूबे के जल संसाधन सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। यहां से अब तक स्पाइसजेट की ही सíवस थी।

बेस फेयर निर्धारित

कोलकाता और हैदराबाद के लिएअप और डाउन में इंडिगो की रोजाना एक-एक उड़ान होगी। उसने कोलकाता का बेस फेयर 3375 रुपये और हैदराबाद का 4005 रुपए रखा है। इन जगहों के लिए स्पाइसजेट का बेस फेयर क्रमश: 3376 और 4006 रुपये है।

दरभंगा हवाईअड्डा से पिछले साल आठ नवंबर को विमान सेवा शुरू हुई थी। पहले दिन यहां से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए सेवा शुरू की गई थी। इस साल मार्च से कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद और हैदराबाद के लिए विमानों ने उड़ान भरना शुरू किया।

रोज 1400 पैसेंजर कर रहे सफर

अभी यहां रोजाना नौ उड़ानें आती हैं और इतनी ही जाती हैं। दिल्ली व मुंबई के रोजाना दो उड़ानें है। बेंगलुरु, अहमदाबाद, कोलकाता, हैदराबाद और पुणे के लिए एक-एक। प्रतिदिन 12 सौ से 14 सौ तक यात्री इस हवाईअड्डा से सफर कर रहे। अभी तक करीब सवा दो लाख यात्री यहां से यात्रा कर चुके हैं। इसी तरह से कोरोना काल में एयर एंबुलेंस को परिचालन भी शुरू हो चुका है।

मिथिला के विकास में कारगर

सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार दरभंगा हवाईअड्डा के विकास को लेकर संजीदा है। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी शीघ्र ही एयरपोर्ट के विकास कार्यो की समीक्षा करने वाले हैं। उनकी यात्रा से सेवाओं को विस्तार मिलेगा। यहां जो कमियां हैं, वे दूर होंगी।