-हड़ताली कर्मी काम पर लौटे, समान काम, समान वेतन की मांग को लेकर थे स्ट्राइक पर

PATNA: संविदा पर नियुक्त चिकित्साकर्मियों की छह दिन पुरानी हड़ताल शनिवार की देर शाम समाप्त हो गई। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की अपील और राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक लोकेश कुमार सिंह के साथ शाम को हुई वार्ता के बाद कर्मी आज देर रात से काम पर लौट आए। आयुष मेडिकल सर्विसेज के सचिव डॉ सुशील कुमार झा ने कहा कि जनहित में हड़ताल समाप्त की गई है। आयुष चिकित्सकों के अलावा सभी संविदा स्वास्थ्यकर्मी संघ ने भी हड़ताल समाप्त कर दी है।

चेतावनी के बाद लौटे काम पर

प्रदेश में संविदा पर कार्यरत चिकित्सा कर्मी सोमवार से समान वेतन, समान काम और नियमित सेवा समेत अन्य मांगों लेकर सोमवार से बेमियादी हड़ताल पर चले गए थे। इसका राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित कार्यक्रम समेत स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा। सरकार ने चौबीस घंटे के अंदर काम पर वापस न होने पर सेवा समाप्त करने की चेतावनी दी। इसके बाद भी चिकित्सा कर्मी हड़ताल समाप्त करने पर राजी नहीं हुए।

मिनिस्टर करेंगे वार्ता

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की पहल पर शनिवार को हड़ताली कर्मी वार्ता करने पर राजी हुए। इसके बाद समिति के कार्यपालक निदेशक के साथ हड़ताली कर्मी संघ के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। करीब दो घंटे की वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त करने पर सहमति बनी। कार्यपालक निदेशक के साथ वार्ता सफल होने के बाद प्रतिनिधि स्वास्थ्य मंत्री से मिले। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अधिकांश मांगे मान ली है। राष्ट्रीय आयुष मिशन की कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है। शेष मांगों को जल्द पूरी की जाएगी। मंत्री से मुलाकात करने के बाद कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। हड़ताल समाप्त होने से सरकार ने राहत की सांस ली है।