पटना (ब्यूरो)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को पश्चिम चंपारण में होंगे। वे वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के लौरिया में साहू जैन उच्च विद्यालय के मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री के आगमन को लेकर शुक्रवार को डीएम कुंदन कुमार व एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने सभास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान हेलीपैड पर हेलीकाप्टर लैंङ्क्षडग का पूर्वाभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जरूरी निर्देश दिए। दूसरी ओर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा। संजय जायसवाल, राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारी का जायजा लिया।

केंद्रीय गृहमंत्री 12:10 बजे साहू जैन उच्च विद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। फिर कार से सभास्थल पर पहुंचेंगे। एक घंटे की सभा है। इसके बाद वह चीनी मिल गेस्ट हाउस में दोपहर का भोजन करेंगे। उसके बाद नंदनगढ़ जाएंगे। फिर किसान भवन पहुंचेंगे। यहां लोकसभा क्षेत्र कोर कमेटी की बैठक लेंगे। 3:10 बजे हेलीकाप्टर से पटना के लिए निकल जाएंगे।

पहली बार देश के किसी गृहमंत्री का नंदनगढ़ आगमन

पहली बार देश का कोई गृहमंत्री नंदनगढ़ पहुंचेगा। गृहमंत्री की नंदनगढ़ यात्रा का कार्यक्रम 20 दिन पहले से ही निर्धारित हुआ था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अपनी प्रेसवार्ता में इस बात का जिक्र किया था। नंदनगढ़ का चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसकी पहचान बौद्ध विरासत के रूप में विश्व स्तर पर है। यहां प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में बौद्ध धर्मावलंबी आते हैं। उनके कार्यक्रम में पर्यटकों की सुविधा के विकास का नया अध्याय जुडऩे की संभावना है। नंदनगढ़ में सम्राट अशोक की ओर से बनवाया गया स्तूप और स्तंभ है। इसे बुद्धिस्ट सर्किट से जोड़ा गया है।

लोगों को निमंत्रित करने के लिए गांव-गांव दौड़ाए गए दो रथ

अमित शाह की जनसभा में जुटान के लिए भाजपा ने घर-घर निमंत्रण कार्ड बांटे हैं। इसके लिए दो रथ गांव-गांव घुमाए गए। महिला कार्यकर्ताओं को भी निमंत्रण बांटने के लिए लगाया गया। 35 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां, महिलाओं के लिए सभास्थल के समीप शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। मंच पर वीआइपी और मंच के नीचे बैठने वाले पूर्व मंत्री और विधायकों के लिए पटना से पांच सौ कुर्सियां मंगाई गई हैं। हेलीपैड से लगभग पांच सौ मीटर दूर मंच बना है। युवा मोर्चा के एक हजार कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर सेवा के लिए मुस्तैद रहेंगे।