PATNA : पटना में दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने को लेकर बड़ी पहल हुई है। रविवार को भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ थांवरचंद गहलोत, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राम कृपाल यादव और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने 9 करोड़ की लागत से बनने जा रहे सौ बेड के दिव्यांग छात्रावास का भूमि पूजन किया। इसी क्रम में सीआरसी पटना के नव निर्मित भवन का उद्घाटन किया गया। केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि पटना के दिव्यांगों के लिए यह बड़ी उपलधि है। इससे अशक्तों को सशक्त बनाने का मौका मिलेगा।

10 साल बाद मिला अपना भवन

क्षेत्रीय दिव्यांग संयोजित पुनर्वास केंद्र सीआरसी का शुभारंभ पटना में 2009 में किया गया था। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा स्थापित सेंटर को राष्ट्रीय दिव्यांगजन संस्थान कोलकाता के प्रशासनिक नियंत्रण में चल रहे इस सेंटर से दिव्यांगों को काफी लाभ मिला। इस सेंटर से दिव्यांगता के क्षेत्र में प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं दिव्यांगजनों की सेवाओं के लिए काम किया जा रहा है। इसके माध्यम से दिव्यांगों को शिक्षा चिकित्सा, यातायात, रोजगार, ोल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जाता है। सीआरसी पटना को अब तक रेड क्रास भवन गांधी मैदान से चलाया जा रहा था। अब 10 साल बाद सेंटर को अपना भवन मिलने से काफी आसानी होगी। पटना में शेखपुरा स्थित सीआरसी के नए भवन के शुभारंभ के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ थांवरचन्द गहलोत ने कहा कि पटना में अब दिव्यांग जनों को सशक्त बनाने का काम किया जाएगा।

हॉस्टल में दूर होगी बाधा

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ थांवरचंद गहलोत, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राम कृपाल यादव और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय राज्य निशक्तता आयुक्त डॉ शिवाजी कुमार, दीघा विधायक संजीव चौरसिया के साथ अन्य लोगों ने कहा कि बिहार में इसकी जरुरत थी। 100 बेड के छात्रावास के निर्माण के बाद दिव्यांगजनों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।