- बुधवार को मिले 2603 पॉजिटिव, 24 घंटे में किए गए करीब 1.32 लाख टेस्ट

- पटना में भी संक्रमितों की संख्या में आई गिरावट

PATNA : बिहार में कोरोना संक्रमण दर दो परसेंट के नीचे आ गई है। बुधवार को प्रदेश में 1.32 लाख के करीब कोविड टेस्ट किए गए, जिसमें 2603 पॉजिटिव केस मिले। दूसरी लहर में करीब 48 दिन बाद संक्रमण दर दो परसेंट के नीचे आई है। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को जानकारी दी कि विगत 24 घंटे में प्रदेश में 1,31,916 टेस्ट किए।

पटना में भी गिर रहा ग्राफ

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पटना जिले में भी संक्रमण का ग्राफ तेजी से नीचे आ रहा है। हालांकि पिछले 24 घंटे में नए संक्रमितों की संख्या में मामूली वद्धि आई है। मंगलवार को पटना से जहां 285 पॉजिटिव मिले थे, वहीं बुधवार को 316 नए पॉजिटिव मिले।

नौ जिलों से मिले 1379 पॉजिटिव

सूबे के प्रत्येक जिले में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में कमी आ रही है। 29 जिले ऐसे हैं, जहां से रोज सौ से भी कम संक्रमित मिल रहे हैं। सिर्फ नौ जिले ऐसे हैं, जहां सौ से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। इन जिलों से अकेले 1379 पाजिटिव मिले हैं। इनमें पटना से 316 के अलावा बेगूसराय से 177, दरभंगा से 117, मुजफ्फरपुर से 137, नालंदा से 170, समस्तीपुर से 123, पूर्णिया 115, सुपौल से107 और वैशाली से 117 पॉजिटिव मिले हैं।

अब तक 1.02 करोड़ लोगों का किया गया टीकाकरण

वैक्सीन की कमी की वजह से टीकाकरण अभियान एक बार फिर कमजोर पड़ा है। बुधवार को प्रदेश में 65,112 लोगों को ही वैक्सीन मिल पाई। इसमें सर्वाधिक वैक्सीनेशन 18-45 उम्र वालों का किया गया।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को 58,850 को पहला टीका और 6262 को टीके की दूसरी डोज दी गई। 18-45 उम्र वाली आबादी को 35,933 टीके दिए गए, जबकि 45-59 उम्र के 17,832 और 60 से ज्यादा उम्र के 3549 को टीके की पहली डोज दी गई। पहली डोज लेने वालों में 1536 फ्रंटलाइन वर्कर भी थे।

पहले टीके के अलावा केंद्रों पर 45-59 उम्र वाले 4440 और 60 से ज्यादा उम्र वाले 1419 को दूसरी डोज भी दी गई। इनके अलावा 403 फ्रंटलाइन वर्कर ने भी दूसरी डोज ली। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 1,02,03,447 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इसमें 82,45,017 लोगों को पहली डोज और 19,58,430 को दोनों डोज दी गई है। सिर्फ 18-45 उम्र वाली आबादी को अब तक 15,48,421 टीके मिल चुके हैं।