- दो अपराधी गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

PATNA: अपहरण के बाद खगडि़या के अपहृत जेडीयू नेता सह प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति के मंत्री अशोक सहनी उर्फ मुन्ना की अपहर्ताओं ने सोमवार को हत्या कर दी। खगडि़या-बखरी पथ पर कोठिया ढाला के पास संडे की शाम को अपराधियों ने उन्हें और उनके ड्राइवर बबलू सहनी का अपहरण कर लिया था। बदमाशों ने बाद में बबलू को छोड़ दिया था। पुलिस ने अपहरण के दूसरे दिन अशोक का शव दाढ़ी मोड़ के पास रेलवे लाइन के पार एक गड्ढे से बरामद किया।

शरीर पर पाए गए चोट के निशान

आरंभिक तौर पर शव देखने से लगता है कि अपहर्ताओं ने अशोक सहनी की पीटकर और गला दबाकर हत्या की और उनके शव को लाकर उस गड्ढे में फेंक दिया। उनके शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान पाए गए हैं। उनकी जेब से उनका मोबाइल फोन बरामद किया गया है। शव मिलते ही जेडीयू कार्यकर्ताओं व लोगों में सनसनी फैल गई। उनके समर्थक वहां जुटने लगे।

दो आरोपी गिरफ्तार

अशोक सहनी के पिता केदार सहनी की शिकायत पर अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में अबतक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटना का कारण आपसी प्रतिद्वंदिता और चुनावी रंजिश बताई जा रही है।

जेल में बंद अपराधी पर आरोप

पुलिस सूत्रों के अनुसार मत्स्यजीवी सहयोग समिति के पूर्व मंत्री और जेल में बंद सिकंदर सहनी के बेटों के अलावा शोभनी और मथुरापुर के कई अपराधियों को आरोपी बनाया गया है। अशोक के पिता का कहना है कि सिकंदर के खिलाफ अशोक ने चुनाव लड़ने की हिम्मत दिखाई थी। वह चुनाव जीत भी गया। इसे लेकर चुनाव के समय से ही उस परिवार ने अन्य अपराधियों के साथ मिलकर उनके पुत्र की हत्या का प्रयास हो रहा था। संडे को ड्राइवर बबलू सहनी को छोड़ने के बाद अपहर्ता जदयू नेता अशोक सहनी को चार पहिया वाहन से लेकर अज्ञात स्थल की ओर चले गए थे।

अपहरण और हत्या में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई जारी है। दो की गिरफ्तारी कर ली गई है। अन्य अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी के लिए अलग-अलग टीम का गठन किया गया है। हर हाल में जल्द से जल्द सभी अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

-अमितेश कुमार, एसपी, खगडि़या