पटना (ब्यूरो)। राजधानी पटना समेत प्रदेश के मौसम में अब धीरे-धीरे सुधार होने लगा है। दिन में धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत दिन में मिल रही है, हालांकि रात में कनकनी बनी हुई है। मौसम विज्ञानी की मानें तो धूप निकलने के कारण दिन का तापमान 20 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जबकि रात का तापमान अभी भी चार से छह डिग्री के बीच बना हुआ है। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की वृद्धि होने से ठंड का प्रभाव कम होगा।


मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 26 जनवरी के बाद से मौसम सामान्य होने के साथ ठंड से काफी राहत मिलने के आसार हैं। प्रदेश के उत्तरपूर्व भाग में घने कोहरे की प्रबलता बनी रहेगी, जबकि पटना समेत अन्य भागों में कोहरे का प्रभाव कम होगा। राजधानी समेत अन्य भागों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 48 घंटे के बाद तापमान में दो से चार डिग्री की वृद्धि होने से ठंड से लोगों को काफी राहत मिलेगी। गुरुवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री गिरने के साथ 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस के साथ 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जिलों के तापमान में वृद्धि

प्रदेश के मौसम में अब धीरे-धीरे सुधार होने लगा है। गुरुवार को राजधानी समेत प्रदेश के 27 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई तो 10 जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। पटना समेत प्रदेश के फारबिसगंज, किशनगंज, अरिरया, पूर्णिया, कटिहार, बांका, भागलपुर, खगडिय़ा, सहरसा, जमुई, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, गया, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सीतामढ़ी, वाल्मीकि नगर, गया, औरंगाबाद, सारण समेत अन्य जिलों के तापमान में वृद्धि आई है।