PATNA: आखिरकार मंगलवार को राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने नया गठबंधन बना लिया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के साथ एक नया गठबंधन बनाने की जानकारी दी। कुशवाहा ने बताया कि महागठबंधन जिस रूप में चल रहा है, उस स्थिति में नीतीश सरकार को हटाना मुश्किल था। वह बदलाव के लिए काम करेंगे। उन्होंने अबकी बार शिक्षा वाली सरकार का नारा दिया। बसपा के बिहार प्रभारी रामजी गौतम और जनवादी पार्टी के प्रमुख डॉ.संजय सिंह चौहान ने कहा कि गठबंधन का नेतृत्व उपेंद्र कुशवाहा करेंगे। वहीं बसपा की प्रमुख एवं यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्वीट के जरिये उपेंद्र कुशवाहा को गठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार भी घोषित कर दिया।

राजनीति को कंट्रोल करने का आरोप

उपेंद्र कुशवाहा ने भाजपा-जदयू और राजद पर जमकर हमला बोला। आरोप लगाया कि भाजपा का राजग और महागठबंधन की राजनीति पर कंट्रोल है। 15 साल से नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचा रहे है। नीतीश कुमार बार-बार कहते हैं कि भ्रष्टाचार से समझौता नहीं करेंगे, लेकिन वह पुरानी सरकार की राह पर चले पड़े, उसी रास्ते पर चलते रहे। लूट का तरीका बदल लिया, अब अफसरों को सामने कर दिया गया है। आज बिना घूस के कोई काम नहीं होता है। नीतीश सरकार हर मोर्चे पर फेल है। दलितों पर अत्याचार चरम पर है।

लालू अपने बेटों को नहीं पढ़ा पाए

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि लालू-राबड़ी की सरकार और नीतीश सरकार दोनों एक ही सिक्के के दोनों पहलू है। दोनों के कार्यकाल में राज्य में शिक्षा, बेरोजगारी और बेकारी तथा बदहाली एकसमान है। सीएम रहते लालू प्रसाद अपने बेटे को मैट्रिक पास तक नहीं करा पाये। राजद पहले नेतृत्व बदले तब सत्ता का सपना देखे। कांग्रेस भी यही चाहती है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार राजद के फेल विद्यार्थी से कंपटीशन कर रहे हैं।