-चिराग बोले, चुनाव बाद बीजेपी के नेतृत्व में बनाएंगे सरकार

PATNA: लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने संडे को दिल्ली में पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी। साथ ही चिराग ने कहा कि उनकी पार्टी जदयू उम्मीदवारों के खिलाफ मजबूती से चुनाव लड़ेगी। वहीं भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। दिल्ली में हुई बैठक में लोजपा संसदीय बोर्ड ने सर्वसम्मति से बिहार में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने का प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव के मुताबिक बिहार चुनाव के बाद लोजपा के जीते हुए सभी विधायक भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे।

जेडीयू और लोजपा में मतभेद उजागर

इससे पहले लोजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में जदयू के साथ मतभेदों पर भी खूब चर्चा हुइ। पार्टी के प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने बैठक में पारित प्रस्ताव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव में राजग गठबंधन में शामिल जदयू से वैचारिक मतभेदों के कारण बिहार में लोजपा ने अलग चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। बैठक में 'बिहार फ‌र्स्ट, बिहारी फ‌र्स्ट विजन डाक्यूमेंट' को प्रदेश में लागू करने का संकल्प भी दोहराया गया। लोजपा ने केंद्र की तर्ज पर बिहार में भी भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने की शपथ ली। लोजपा का हर विधायक भाजपा के नेतृत्व में बिहार को फ‌र्स्ट बनाने का काम करेंगे।