-यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे पटना

PATNA: राफेल सौदे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। यह बात उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पटना में कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी में अगर थोड़ी भी नैतिकता बची है तो सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद और संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए। मौर्य सोमवार को पटना स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष नीतिश मिश्रा,सम्राट चौधरी और देवेश कुमार भी मौजूद थे। मौर्य खासतौर पर राफेल मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने के इरादे से ही यहां प्रेस कांफेंस करने आए थे। यही वजह रही कि राफेल के अलावा पत्रकारों के किसी भी सवाल का उन्होंने जबाब नहीं दिया।

सुरक्षा के साथ किया खिलवाड़

यूपी के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राफेल के नाम पर कांग्रेस ने झूठ की जो इमारत खड़ी की थी वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले से धराशाई हो गई है। उन्होंने कहा कि राफेल खरीद में घोटाले का झूठा आरोप लगाकर कांग्रेस ने देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। मौर्या ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ऐसा घिनौना आरोप लगाया जिसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा यह आरोप एक ऐसे व्यक्ति पर लगाया गया जिसके लिए देश सर्वप्रथम और पार्टी का स्थान उसके बाद तथा व्यक्ति विशेष का महत्व आखिर में होता है। इसके ठीक विपरीत कांग्रेस के लिए परिवार सबसे ऊपर, उसके बाद पार्टी और आखिर में देश आता है।

अब कोर्ट पर उठा रहा सवाल

मौर्य ने कहा कि कांग्रेस को देश की सर्वोच्च अदालत या चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के प्रति कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने तो अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भी सवाल उठाना शुरू कर दिया है। यह ऐसी पार्टी है जो देश के सेनाध्यक्ष को सबसे बड़ी गुंडा बताती है और जिसका सांसद पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष को गले लगाता है। राफेल सौदे पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला चुनाव से पहले आता तो क्या चुनाव परिणाम दूसरा होता।