-पटना में जर्नादन घाट पर होगा अंतिम संस्कार

- पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना की

PATNA: पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन की मां मीरा सिन्हा (67) का दिल्ली एम्स में मंडे की रात 11 बजे निधन हो गया। वह काफी दिनों से बीमार थीं। मीरा सिन्हा का पार्थिव शरीर दिल्ली से मंगलवार दोपहर दो बजे पटना एयरपोर्ट पर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बंदर बगीचा स्थित पथ निर्माण मंत्री आवास में रखा गया। यहां भाजपा कार्यकर्ता और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बंदर बगीचा स्थित मंत्री के आवास से बुधवार को शवयात्रा सुबह आठ बजे निकलेगी और अंतिम संस्कार जेपी सेतु के समीप स्थित जर्नादन घाट पर बुधवार की सुबह नौ बजे किया जाएगा।

मां से मिलती थी संघर्ष करने की प्रेरणा

पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि संघर्ष करने की प्रेरणा हमेशा मां से मिलती रही। भले ही हमको छोड़कर दूर चली गई, लेकिन हमारी यादों में हमेशा रहेंगी। बता दें कि मीरा देवी भाजपा के कद्दावर नेता स्व। नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की पत्नी थीं। नवीन किशोर प्रसाद चार बार पटना से विधायक रहे। वर्ष 2005 में दिल का दौरा पड़ने से दिल्ली में उनका निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से 25 वर्ष की उम्र में नितिन नवीन चुनाव लड़े थे।

सीएम ने दी मीरा सिन्हा को श्रद्धांजलि

सीएम नीतीश कुमार ने पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन की मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। नितिन नवीन के आवास पर पहुंच मुख्यमंत्री ने उन्हें व उनके परिजनों को सांत्वना दी। इस मौके पर पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, चंचल कुमार, विधायक अरुण सिन्हा, पूर्व विधायक आशा देवी व कई अन्य गण्यमान्य मौजूद थे।

परिवार की तरह रहा संबंध

सीएम ने कहा कि नितिन नवीन की मां का निधन बहुत ही दुखद है। बीच में हमारी बातचीत हुई थी तो पता चला था कि स्वास्थ्य में सुधार होने लगा था, मगर अचानक तबीयत बिगड़ी और उनका देहांत हो गया। मेरा तो नितिन नवीन के पिताजी व पूर्व विधायक नवीन कुमार सिन्हा से पुराना संबंध था। नवंबर 2005 में जब हम लोगों की सरकार बनी तो उसके कुछ ही दिनों बाद उनका निधन हो गया। हम लोगों का हमेशा नितिन नवीन और उनके परिवार के प्रति विशेष ख्याल रहा। एक परिवार की तरह हमारा संबंध रहा है।