-सड़कों पर उतरे नेता और कार्यकर्ता, दुकानें बंद कराईं

MADHUBANI: सैटरडे को महमदपुर गोलीकांड के विरोध में महागठबंधन की ओर से किए गए मधुबनी बंद का मिलाजुला असर रहा। जबकि एक अन्य आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर किया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन और जाम किया। कई क्षेत्रों में बंद बेअसर रहा, जबकि कई स्थानों पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। मधुबनी शहर में स्टेशन चौक को कुछ देर तक जाम कर प्रदर्शन और नारेबाजी की गई। इसके बाद जुलूस निकाला और समाहरणालय के समक्ष सभा की। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीडि़तों के लिए न्याय की मांग की गई।

कॉल डिटेल्स की हो जांच

प्रदर्शनकारी आरोपितों को फांसी की सजा, मुख्य आरोपितों के मोबाइल कॉल डिटेल्स से संरक्षकों को चिह्नित करने, बेनीपट्टी और बिस्फी के भाजपा विधायकों के मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच, घटना की एसआइटी से कोर्ट की निगरानी में जांच, पीडि़तों को 20-20 लाख मुआवजा और बेनीपट्टी डीएसपी को हटाने की मांग कर रहे थे। बेनीपट्टी बाजार में दुकानें खुली रहीं। सड़कों पर दंगा निरोधी दस्ता के जवान तैनात रहे। दोपहर में आंबेडकर चौक के पास वामदलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

मुन्ना सिंह ने किया सरेंडर

मधुबनी के बेनीपट्टी के महमदपुर कांड के नामजद आरोपित मुन्ना सिंह ने शनिवार को बेनीपट्टी व्यवहार न्यायालय में सरेंडर कर दिया। वह महमदपुर का निवासी है। इस घटना में 35 लोग नामजद हैं। जिनमें पंद्रह आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कई अरोपितों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई चल रही है। बीते छह अप्रैल की रात पुलिस ने मुख्य आरोपित प्रवीण झा के अलावा चंदन झा, भोला सिंह, मुकेश साफी, कमलेश सिंह व आश्रयदाता प्रह्लाद महतो को गिरफ्तार किया था। इससे पूर्व घटना के दिन भी अरेस्टिंग हुई थी।