-मानसून के प्रवेश के बाद अच्छी बारिश होने की उम्मीद

-पूर्णिया के रास्ते प्रवेश कर सकता है मानसून

-बंगाल में बना कम दबाव का क्षेत्र, मानसून को मिलेगी मजबूती

PATNA: बिहार में मानसून का आगाज होने जा रहा है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि मानसून अगले 24 घंटे में यहां सक्रिय हो जाएगा। फिलहाल बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बना हुआ है। बारिश करने वाली हवाएं यहां नमी के साथ बिहार के पूर्वी जिलों पूर्णिया, अररिया होते हुए प्रवेश करेगा। इस प्रकार, दक्षिण पश्चिम मानसून से होने वाली बारिश की यह शुरूआत होगी। उधर, पटना में भी शुक्रवार की शाम से मौसम ने करवट ले ली। देर शाम पटना और आसपास हल्की बारिश हुई। इससे पहले दिन में अधिकतम तापमान 34 डिग्री के करीब रहा।

अनुमान से भी पहले एंट्री संभव

जहां प्रति वर्ष बिहार में मानसून के प्रवेश की अनुमानित तिथि 13 से 14 जून है वहीं, इस बार उससे पहले पहुंच रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से दक्षिण-पश्चिम मानसून के काफी मजबूत होने की उम्मीद है। 3 दिनों से मानसून देश के पूर्वी भाग में कमजोर पड़ गया था। इस कारण पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से आगे नहीं बढ़ पा रहा था। अब बढ़ने की उम्मीद है।

बारिश और आफत एक साथ

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, केवल मानसून से बारिश ही नहीं बल्कि और कई प्रकार से इसके हानिकारक प्रभाव होने की भी आशंका है। इसमें वज्रपात और आंधी चलने की भी संभावना है। मानसून के आगमन के साथ ही वज्रपात की घटनाएं होती है। हालांकि बारिश हो जाने के बाद वज्रपात और आंधी जैसी घटनाओं में कमी आएगी।

कई जिलों में हुई बारिश

प्रदेश में मानसून के दौरान लगभग 1000 मिमी बारिश रिकार्ड की जाती है। शुक्रवार की सुबह से ही राज्य के विभिन्न इलाकों में आंधी चलने के साथ ही बारिश होती रही। गोपालगंज, सिवान, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, जमुई, नालंदा, किशनगंज, बांका, भागलपुर, खगडि़या, मुंगेर, वैशाली, बेगूसराय, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर एवं सीतामढ़ी में आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर एवं वैशाली में शाम को वज्रपात की सूचना है।