- दिन-रात शीतलहर से पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम

- राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोल्ड व सीवियर कोल्ड-डे का अलर्ट जारी

PATNA :

पटना सहित पूरा प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो वर्तमान में पश्चिम से आने वाली हवा देश के पर्वतीय इलाके से टकराकर और ठंडी हो जा रही है। बर्फीली हवा जब मैदानी भागों में प्रवेश कर रही है तो लोगों को काफी ठंड का अहसास हो रहा है। इस तरह की स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रहने की उम्मीद है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार के लिए राज्य में कोल्ड एवं सीवियर कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। गत चार दिनों से पटना का तापमान काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर घटता-बढ़ता रहा।

9 डिग्री नीचे अधिकतम पारा

शनिवार को राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम है। पटना में राज्य में सबसे कम अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री कम 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना की हवा में आर्द्रता 94 परसेंट रिकॉर्ड किया गया।

दिनभर ठिठुरते रहे लोग

भीषण ठंड से राज्य के लोग शनिवार को दिनभर ठिठुरते रहे। सुबह से ही बर्फीली हवा ने कहर ढाना शुरू कर दिया। हालांकि दोपहर में हल्की सी धूप निकली तो लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन शाम 4 बजते ही ठंड बढ़ने लगी। देखते ही देखते शहर के बाजारों में सन्नाटा पसर गया। शहर की सड़कें भी रात आठ बजे तक खाली हो गई।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने बताया कि राज्य में तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवा के कारण राज्य में भीषण ठंड पड़ रही है। बिहार समेत पूरा उत्तर भारत फिलहाल ठंड के चपेट में है।

गया में सात वर्षो का रिकॉर्ड टूटा

गया में अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां पर न्यूनतम तापमान में सात डिग्री लुढ़क कर तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इससे पहले गया में न्यूनतम तापमान वर्ष 2013 में 9 जनवरी को 1.4 पर गया था। इसके बाद कभी तीन से नीचे नहीं गया। गया में ठंड ने पिछले सात वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

----------

भागलपुर व पूर्णिया भी पस्त

भागलपुर एवं पूर्णिया में भी अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भागलपुर में अधिकतम तापमान 19.6 और पूर्णिया 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।