नीतीश ही होंगे एनडीए का चेहरा

फ्लैग- भाजपा ने कहा किसी को नहीं होना चाहिए कोई भ्रम

PATNA :

राजग में भी काफी इंतजार के बाद आखिरकार ट्यूजडे को आखिरकार सीटों को लेकर चल रहे कयास खत्म हो गए। साथ ही यह भी साफ कर दिया गया कि बिहार में नीतीश कुमार के चेहरे पर ही राजग चुनाव मैदान में जाएगा।

अब भाजपा-जदयू को बराबर सीट

जदयू के हिस्से में 122 व भाजपा के हिस्से 121 सीटें आई हैं। जदयू अपनी 122 सीटों में से सात सीट हम को दे रहा है। इसमें पहले चरण में ही छह सीटें हैं। वहीं भाजपा अपने हिस्से की 121 सीटों में से छह सीट विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को देगी। इस हिसाब से जदयू और भाजपा बराबर-बराबर 115-115 सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे।

मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, देवेंद्र फड़नवीस, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी, जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह, आरसीपी सिंह व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका एलान किया।

कॉन्फ्रेंस से पहले मंथन

राजग नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस के पहले मुख्यमंत्री आवास में कई घंटे तक बैठक की। इसके बाद प्रेस कांफ्रेंस का समय तय हुआ। चिराग पासवान को लेकर चुनाव के दौरान भाजपा का रुख क्या रहेगा इसे भी इस दौरान स्पष्ट किया गया। भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी बिहार में हमेशा से नीतीश कुमार के नेतृत्व की बात करती रही है। अब एनडीए में यहां केवल चार घटक दल हैं। उन्हीं की बात करेंगे। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने तो यहां तक कह दिया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल विधानसभा चुनाव में एनडीए के चार दल ही कर पाएंगे। इस बारे में चुनाव आयोग को भी हम लिखेंगे। नीतीश कुमार ही चेहरा हैं। इस बारे में किसी को भ्रम नहीं रहना चाहिए।

मालूम हो कि चिराग पासवान ने कहा है कि वह प्रधानमंत्री का चेहरा आगे कर चुनाव में जाएंगे। राजग से लोजपा के अलग होने से जुड़े प्रश्न पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर रामविलास पासवान स्वस्थ रहते तो ऐसा नहीं होता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में काफी काम हुआ है। जदयू हमारे सबसे पुराने सहयोगी के रूप में है।