- 22 जनवरी के बाद ही मौसम के रूख में बदलाव की उम्मीद

PATNA :

राजधानी पटना और आसपास कोल्ड डे का असर जारी है। रविवार को पटना में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 0.6 डिग्री कम था। बीते दो दिनों से न्यूनतम तापमान लगातार कम रिकार्ड किया जा रहा है। रविवार को करीब एक बजे धूप निकली तो लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि 22 जनवरी तक मौसम यूं ही रहेगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की जा सकती है। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग चार डिग्री कम रिकार्ड किया गया। इस वजह से गलन का लगातार अनुभव हो रहा है।

पटना में सबसे कम तापमान

मौसम विभाग के द्वारा जारी मौसम बुलेटिन में पटना में सबसे कम तापमान रिकार्ड किया गया है। रविवार को यहां का अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि गया का 17.2, भागलपुर का 20.5 और पुर्णिया का तापमान 19.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान सबसे कम पूर्णिया में 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

इन जगहों पर रहेगा कोल्ड डे

मौसम विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अगले दो दिनों में पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगुसराय, लखीसराय, नवादा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद और अरवल में कोल्ड डे का असर 21 जनवरी तक बना रह सकता है। उत्तर पश्चिम की ओर आने वाली बर्फीली हवाओं के असर से हाड़ कंपा देने और गलन जैसे हालात बने हुए हैं।