DARBHANGA/PATNA: देश में 2,300 नए जहाजों की जरूरत है। रेल कारखाना की तर्ज पर बिहार में हवाई जहाज भी बनेंगे। इसके लिए नीति बनाई जा रही है। यह बात केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने कही। वे सोमवार को दरभंगा हवाई अड्डे के सिविल एन्कलेव के शिलान्यास अवसर पर बोल रहे थे। मौके पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मिथिला के लोग देश के कोने-कोने में हैं। केंद्रीय मंत्री से अनुरोध करूंगा कि यहां से रायपुर और रांची के अलावा कोलकाता के लिए विमान सेवा शुरू करने पर ध्यान दें। कोकिल कवि विद्यापति न केवल कवि थे, बल्कि एक समाज सुधारक भी थे। दरभंगा एयरपोर्ट का नाम अगर विद्यापति टर्मिनल रखने का सुझाव मंत्रालय की ओर से आया है तो इसमें राज्य सरकार को कोई भी आपत्ति नहीं है।

दरभंगा एयरपोर्ट के लिए 121 करोड़ रुपए स्वीकृत

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार तो भूमि उपल?ध कराने के अलावा और भी मदद करेगी। लेकिन, मंत्रालय यह बताए कि जून की किस तारीख को यहां से विमान सेवा शुरू होगी। दरभंगा एयरपोर्ट के लिए 121 करोड़ 43 लाख की राशि स्वीकृत हो गई है। बिहटा में 108 एकड़ जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी को उपलब्ध करा दी गई है। इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी को विशेष तौर पर धन्यवाद। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि दरभंगा से हवाई सेवा शुरू होते ही विकास की नई श्रृखंला शुरू होगी। लोग यहां से न केवल महानगरों का सफर करेंगे, बल्कि यहां की संस्कृति भी देश और दुनिया में फैलेगी। देश में जहां-जहां कनेक्टिविटी कम है, वहां तेजी से इस दिशा में काम चल रहा है। इससे पूर्व सिविल एन्कलेव का भूमि पूजन किया गया। सीएम ने रिमोट दबाकर विधिवत शुरुआत की। केंद्रीय उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा, केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, बिहार के खाद्य आपूर्ति मंत्री मदन सहनी, भवन निर्माण मंत्री महेश्वर हजारी, सांसद कीर्ति झा आजाद मौजूद थे।