- डीजी होमगार्ड और आरबीआइ डीजीएम ने 440 जवानों को किया रवाना

PATNA: आधुनिक हथियार से लैस बिहार होमगार्ड के जवान अब बैंकों की सुरक्षा में मुस्तैद नजर आएंगे। होमगार्ड के डीजी आरके मिश्र और आरबीआइ के डीजीएम (सुरक्षा) प्रशांत कुमार दयाल ने शनिवार को विशेष सुरक्षा दल के जवानों को गांधी मैदान में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। होमगार्ड में बैंक बटालियन का गठन किया गया हैं। पहले चरण में 62 चेस्ट ब्रांच के लिए आरबीआइ के क्षेत्रीय कार्यालय से 440 जवानों को तैनाती दी गई है। अहम यह है कि अधिकतम 40 वर्ष की उम्र वाले जवानों को विशेष सुरक्षा दल में रखा गया है।

कैश लूट की बढ़ रही घटना से सख्ती

होमगार्ड के प्रेस एवं मीडिया कोऑर्डिनेटर उमेश नारायण मिश्र ने बताया कि बिहटा स्थित गृह रक्षा वाहिनी केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में विशेष सुरक्षा दल के जवानों को प्रशिक्षित किया गया हैं। बैंक बटालियन में शामिल जवान एसएलआर और अन्य आधुनिक हथियार चलाने में दक्ष हैं। बैंक सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों को अब एसएलआर हथियार से लैस किया गया हैं। इसके लिए जवानों को बाकायदा ट्रेनिंग दी गई है। फिलहाल बैंक सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों के पास 315 बोर रायफल था। बैंक कैश लूट की बढ़ रही घटनाओं के बाद यह निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में होमगार्ड के डीआइजी पंकज सिन्हा, एसपी चंदन कुशवाहा, राशिद जमां, विमल कुमार शांडिल्य, जयंत कुमार, अनिरुद्ध प्रसाद उपस्थित थे।