-तीसरी सोमवारी पर जलाभिषेक को उमड़ी भीड़ से मची अफरा-तफरी, आधा दर्जन महिला श्रद्धालु हुईं बेहोश

PATNA: सावन की अंतिम सोमवारी पर इन्द्रदमनेश्वर महादेव अशोकधाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच एक वृद्ध कांवरिया बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। उनकी मौत होते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां घंटों से कतार में खड़ी आधा दर्जन से अधिक महिला श्रद्धालु भी बेहोश होकर गिर पड़ीं। आनन-फानन में सभी को मंदिर परिसर के मेडिकल कैंप ले जाकर इलाज कराया गया। मृतक श्रद्धालु की पहचान नहीं हो पाई थी। घटना की खबर मिलते ही डीएम शोभेन्द्र कुमार चौधरी, एसपी सुशील कुमार, एएसपी अभियान पवन कुमार उपाध्याय के साथ अशोकधाम मंदिर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। उसके बाद मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में पदाधिकारियों की देखरेख में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए। डीएम व एसपी मंदिर में कैंप करते रहे।

मुंगेर के डीआइजी मनु महाराज अशोकधाम मंदिर पहुंचे तथा डीएम व एसपी से घटना की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंित्रत करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारी का भी जायजा लिया। बता दें कि सावन की आखिरी सोमवारी पर अशोकधाम मंदिर में बाबा के जलाभिषेक के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी थी।