- 5 जनवरी से किसान-मजदूर रोजगार यात्रा शुरू करेगी जाप

PATNA: जन अधिकार पार्टी सुप्रीमो पप्पू यादव ने कहा है कि देश के सभी विपक्षी दलों को किसानों के लिए एक समन्वय समिति बनानी चाहिए। समिति किसानों के वर्तमान और भविष्य को बचाने की लड़ाई लड़ेगी। पप्पू यादव ने कांग्रेस, वामपंथी दल और क्षेत्रीय दलों से समन्वय समिति से जुड़ने का आग्रह किया है। वे बुधवार को पटना में प्रेस से बात कर रहे थे।

करो या मरो के साथ लड़ेंगे लड़ाई

पप्पू ने कहा कि किसानों के समर्थन में उनकी पार्टी ने लगातार एक सप्ताह तक अनिश्चितकालीन अनशन किया। मंगलवार को किसान न्याय मार्च भी निकाला जिसे पुलिस ने लाठी से दबाने का प्रयास किया। पुलिसिया कार्रवाई में पार्टी के कई नेताओं को पीटा गया। जिसमें 10 माहिला नेत्रियों समेत कई लोगों को चोटें आईं हैं। लाठीचार्ज की निंदा करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि किसान आंदोलन के दूसरे चरण में पांच जनवरी से किसान-मजदूर रोजगार यात्रा होगी। पार्टी किसानों के बीच जाकर बताएगी कि कैसे सस्ते दामों पर फसल को खरीदकर मॉल में मंहगे दामों पर बेचा जा रहा है। मेहनत किसान करता हैं और फायदा पूंजीपति उठाते हैं। तीसरा चरण मार्च के आखिरी सप्ताह में गांधी मैदान से शुरू होगा। पप्पू ने कहा कि करो या मरो के नारे के साथ किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। जरूरत पड़ने पर सरकारी कार्यालयों पर ताला लगाएंगे और रेल रोकेंगे। उन्होंने एलान किया कि किसानों को दलाल, आतंकवादी कहने वाले नेताओं के 25 दिसंबर को पुतले फूंके जाएंगे। जाप नेताओं ने चौधरी चरण सिंह की तस्वीर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र कुशवाहा, प्रेमचन्द सिंह, सच्चिदानंद यादव, राजेश रंजन मौजूद रहे।