पटना(ब्यूरो)। भारत 3 से 12 अगस्त तक पहली बार हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट 2023 की मेजबानी के लिए तैयार है। उसकी ट्रॉफी को देश के अलग अलग कोनों में ले जाया जा रहा है। ये ट्रॉफी देश के छह शहरों की टूर पर है। इसी कड़ी में शनिवार को वह पटना पहुंची। इस ट्रॉफी का शानदार स्वागत राजधानी के पाटलिपुत्र स्पोटर्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और हॉकी बिहार द्वारा आयोजित एक समारोह में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय द्वारा क्र"एशियन चैंपियंस ट्रॉफी टूर एंड पास द बाल नेशनल लेग ईवेंटक्र" के अंतर्गत चैंपियन ट्रॉफी का स्वागत और अनावरण किया गया।

बिहार के खिलाडिय़ों का बढ़ा हौसला

ट्रॉफी का अनावरण कर मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने कहा कि यह बिहार के लिए बहुत गौरव की बात है कि चैंपियंस ट्रॉफी के इस कार्यक्रम के लिए बिहार को चुना गया है। यह कार्यक्रम देश के सिर्फ 6 राज्यों में ही होगा जिसमें से बिहार भी एक है। इससे बिहार के खिलाडिय़ों का हौसला काफी बढ़ेगा। हम यही चाहते हैं कि बिहार के खिलाड़ी हर खेल में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें और सफल होकर बिहार और देश का नाम रोशन करें। इसके लिए सरकार के सहयोग में कोई कमी नहीं रहेगी।

भुवनेश्वर के लिए रवाना हुई ट्रॉफी

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि ट्रॉफी टूर एंड पास द बॉल का आयोजन 12 जुलाई से 19 जुलाई 2023 तक किया जा रहा है। इस परंपरा के अंतर्गत हॉकी चैम्पियनशिप की ट्रॉफी और बॉल को सम्मान और जागरूकता के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से घुमाते हुए आयोजन के स्थल तक पहुंचाया जाता है। इसी क्रम में ट्रॉफी दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए पटना पहुंची है। यहां से भुनेश्वर, रांची, गुवाहटी , त्रिवेंद्रम होते हुए चेन्नई पहुंचेगी जहां चैम्पियनशिप का आयोजन होना है।

बिहारी ने बनाई है यह ट्रॉफी

आगे श्री शंकरण ने कहा कि यह बहुत खुशी और गर्व की बात है कि देश के सिर्फ छह राज्यों में होने वाले इस कार्यक्रम के लिए हॉकी इंडिया ने बिहार को भी चुना है। सोना, चांदी, तांबा और अलमुनियम से बनीे इस शानदार ट्रॉफी को बिहार के ही संजय वर्मा ने डिजाइन किया है जो बिहार के लिए गौरव की बात है। यह हॉकी के एशियन चैम्पियनशिप का 7 वां संस्करण है और हम पूरी कोशिश कर रहे हैं 10 वें संस्करण के चैम्पियनशिप में बिहार के भी हॉकी खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। बिहार में इसी साल हॉकी के लिए दो ऐस्ट्रो टर्फ का निर्माण सरकार करवा रही है।